कोपागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में सोमवार सुबह प्रेमिका के शादी से इंकार करने पर युवक 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। वह तत्काल मौके पर पहुंची और किसी तरह उसे समझा-बुझाकर दो घंटे बाद टावर से नीचे उतारा। इसके बाद थाने लेकर गई। यहां उससे पूछताछ की जा रही है।
शाहपुर निवासी अवनीश कुमार मौर्य एक युवती से प्रेम करता है और उसी से विवाह करने की जिद पर अड़ा हुआ था। परिजनों द्वारा शादी के लिए सहमति न देने पर उसने सोमवार सुबह करीब आठ बजे गांव के समीप स्थित 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के टावर पर चढ़कर विरोध जताना शुरू कर दिया। टावर पर युवक के चढ़ने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
किसी ग्रामीण ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाने के बाद युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार हुआ। युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। कोपागंज थाना प्रभारी रवींद्र नाथ राय ने बताया कि युवक दोहरीघाट क्षेत्र की एक युवती से प्रेम करता है। युवती के परिवार व युवती ने उससे शादी से इंकार कर दिया है। इसी वजह से वह टावर पर चढ़ गया था। फिलहाल उसे समझाया जा रहा है।


