पटना के खुसरूपुर में रिश्तों का खून; बड़े भाई ने छोटे को उतारा मौत के घाट

 राजधानी के खुसरूपुर थाना क्षेत्र में आपसी संबंध में शक के बीज में खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। 

प्रखंड के हैवतपुर पंचायत अंतर्गत लोदीपुर दानीयालपुर स्थित देवी स्थान के समीप दलित टोला में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

चाकू घोंपकर ले जी जान

आरोप है कि बड़े भाई ने ही छोटे भाई पर हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शैलेश रविदास के रूप में हुई है, जो चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था।

वह दिल्ली में रहकर काम करता था और हाल ही में गांव लौटा था। घटना के बाद से आरोपित बड़ा भाई शत्रुघ्न रविदास फरार बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी दौरान देर रात कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आकर शत्रुघ्न ने धारदार हथियार से शैलेश पर हमला कर दिया।

चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में परिजनों ने उसे PMCH (पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल) पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अविवाहि‍त था युवक

घटना के पीछे आपसी संबंधों को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मृतक अविवाहित था, जबकि आरोपित शत्रुघ्न गांव में रहकर मजदूरी करता है। घटना के बाद से गांव में दहशत और तनाव का माहौल है, वहीं परिजनों में शोक व्याप्त है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *