मौत की खिड़की बनी कॉलेज बस की ‘इमरजेंसी विंडो’, पत्तनीटॉप पिकनिक के लिए जाते वक्त छात्रा की जान ले गई लापरवाही!

ऊधमपुर जिले में आज एक दर्दनाक हादसा पेश आया। जम्मू से पत्तनीटॉप पिकनिक के लिए जा रही सरकारी महिला कालेज गांधी नगर की बस से एक छात्रा के अचानक से नीचे गिर जाने से उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजलि चौधरी निवासी मीरां साहिब जम्मू के रूप में हुई है। वह चौथे सेमेस्टर की स्टूडेंट थी।

पुलिस से मिली जानकारी यह हादसा ऊधमपुर शारदा माता मंदिर के पास पेश आया जब बस की आपातकालीन खिड़की अचानक खुलने से छात्रा सड़क के बीचों-बीच गिर गई और उसकी मौत हो गई है। वह अपने साथी स्टूडेंट्स के साथ पत्तनीटॉप पिकनिक पर जा रही थी। बेटी की मृत्यु की सूचना सुनकर परिवार में मातम छा गया है।

वहीं शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अपने संदेश में कहा कि जम्मू गांधी नगर के गवर्नमेंट कॉलेज फॉर विमेन की 4th सेमेस्टर की स्टूडेंट अंजलि चौधरी की दुखद मौत के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। आज सुबह ऊधमपुर के पास एक दुखद हादसे में उनकी जान चली गई, जब वह साथी स्टूडेंट्स के साथ पत्तनीटॉप पिकनिक पर जा रही थीं।

खबर है कि वह ऊधमपुर से लगभग एक किलोमीटर पहले सुबह करीब 10:30 बजे बस से गिर गईं। उनके दुखी परिवार, दोस्तों और पूरे कॉलेज के लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैंने संबंधित अधिकारियों को दुखी परिवार को हर मुमकिन मदद देने का निर्देश दिया है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *