बंगाल को मिलने लगा ‘डबल इंजन’ सरकार का फायदा, सीएम शुभेंदु ने बजट से पहले दिए बड़े संकेत

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को दावा किया कि बंगाल में भाजपा सरकार बनने के महज एक महीने के भीतर ही राज्य की जनता को डबल इंजन सरकार का वास्तविक फायदा मिलने लगा है।

उन्होंने संकेत दिया कि आगामी 22 जून को पेश होने वाले नई भाजपा सरकार के पहले राज्य बजट में जनता के लिए कई बड़े और चौंकाने वाले फैसले देखने को मिलेंगे।

शुक्रवार को कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य और केंद्र- दोनों जगह भाजपा सरकार होने के कारण विकास कार्यों को नई गति मिली है।

शुभेंदु ने कहा कि बंगाल में हमारी सरकार बने अभी सिर्फ एक महीना हुआ है, लेकिन इस कम समय में ही राज्य के आम लोग डबल इंजन सरकार का असली असर महसूस करने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि मौजूदा वित्तीय वर्ष, जो मार्च 2027 तक चलेगा, उसके अंत तक राज्य की बड़ी आबादी खुद हमारी सरकार के कामों की प्रचारक बन जाएगी। हमें अलग से प्रचार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जनता खुद हमारे काम की गवाही देगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार बनने के एक महीने के भीतर एक करोड़ से अधिक लोगों को केंद्र की आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख तक की मुफ्त इलाज की सुविधा से जोड़ा गया है। इसके अलावा पूर्व सरकार द्वारा रोके गए कई कामों को फिर से शुरू किया गया है, जिनमें नई भारतीय न्याय संहिता और लंबित जनगणना प्रक्रिया भी शामिल है।

बजट को लेकर उम्मीदें बढ़ाते हुए शुभेंदु ने कहा कि 22 जून को विधानसभा में पेश होने वाला भाजपा सरकार का पहला बजट यह साफ दिखाएगा कि नई सरकार किस तरह आर्थिक मोर्चे को संभालते हुए बंगाल को विकास के एक नए दौर में ले जाने की तैयारी कर रही है।

बताते चलें कि नई सरकार के गठन के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जनता को बजट में क्या नई सौगात देते हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 22 जून का यह बजट बंगाल की नई सरकार की आर्थिक दिशा और विकास माडल की पहली बड़ी झलक साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *