हिमाचल में बेटियों को ‘शक्ति’ देगा महिला आयोग, अब स्कूलों में सिखाए जाएंगे आत्मरक्षा के गुर; अध्यक्ष विद्या नेगी का बड़ा एलान
महिला आयोग अब बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाने की प्रक्रिया आरंभ करेगा। महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने बुधवार को सिया गुलेरिया के स्वजन से मुलाकात के बाद यह बात कही। विद्या नेगी बुधवार दोपहर सरकाघाट के नैण गांव पहुंची और सिया के माता-पिता को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
विद्या नेगी ने बताया कि स्वजन अभी तक हुई जांच से संतुष्ट हैं, लेकिन वे मामले में जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं। महिला आयोग भी उनके साथ खड़ा है और इस मामले की पुलिस से रोजाना रिपोर्ट ली जा रही है।
विद्या नेगी ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए अब आयोग भी अपने स्तर पर बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए सरकार के समक्ष बात रख चुका है। आयोग की सदस्य रीना पुंडीर स्वयं राष्ट्रस्तर की जूडो खिलाड़ी हैं और उनके साथ विचार विमर्श करने के बाद पूरी योजना पर काम होगा।
स्कूलों में यह अभियान किस तरह चलाया जाए, यह भी तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए स्थानीय लोगों का सहयोग भी जरूरी होता है। लोगों से अपील की कि अगर आपके आसपास कोई ऐसा संदिग्ध हो तो उसकी सूचना पुलिस को दें, उसके परिवार से बात करें।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

