पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने रविवार को पीडीपी नेता तालिब चौधरी को जेल में डालने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि गरीब और हाशिए पर पड़े जनजातीय समुदाय के अधिकारों के लिए लड़ने के लिए तालिब को जेल में डाला गया।
उन्होंने कहा कि सिदड़ा में मनमानी तोड़फोड़ के खिलाफ शांतिपूर्ण मार्च निकालने मात्र से उनके साथ अपराधी जैसा व्यवहार करना गुर्जर बकरवाल समुदाय को एक नकारात्मक संदेश देता है जो हमेशा भारत के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने तालिब चौधरी की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
महबूबा ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को टैग करते हुए एक बयान में कहा कि तालिब को रिहा किया जाना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि हुसैन को सिदड़ा में की गई तोड़फोड़ के खिलाफ शांतिपूर्ण मार्च आयोजित करने के लिए निशाना बनाया जा रहा है और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई पर सवाल उठाया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पीडीपी नेता के साथ किया गया व्यवहार गुर्जर और बकरवाल समुदायों के सदस्यों को एक नकारात्मक संदेश देता है। इस समाज ने लगातार देश के लिए योगदान दिया है और देश के साथ खड़े रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय न्याय और निष्पक्षता के हकदार हैं। महबूबा ने अधिकारियों से हस्तक्षेप करने और तालिब हुसैन की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।


