मध्य प्रदेश सरकार ने छठवां वेतनमान प्राप्त कर रहे कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनके महंगाई भत्ते (डीए) में 5 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। वित्त विभाग ने इस संबंध में बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं, जिससे लंबे समय से बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे हैं।
अब मिलेगा 257 फीसदी महंगाई भत्ता
नई दरों के अनुसार अब कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 252 प्रतिशत से बढ़कर 257 प्रतिशत हो गया है। इस बढ़ोतरी का लाभ अप्रैल 2026 के वेतन से मिलेगा, जिसका भुगतान मई माह में किया जाएगा। इससे कर्मचारियों की टेक होम सैलरी में सीधा इजाफा होगा, जो बढ़ती महंगाई के बीच राहत भरा कदम माना जा रहा है।
जुलाई 2025 से प्रभावी
सरकार ने इस फैसले को 1 जुलाई 2025 से प्रभावी माना है। ऐसे में कर्मचारियों को 1 जुलाई 2025 से 31 मार्च 2026 तक की अवधि का एरियर भी दिया जाएगा। यह एरियर एकमुश्त न देकर 6 समान किस्तों में भुगतान किया जाएगा।
एरियर का किस्तों में भुगतान
निर्धारित कार्यक्रम के तहत एरियर की राशि मई से अक्टूबर 2026 तक हर महीने वेतन के साथ कर्मचारियों के खातों में जमा की जाएगी। इस फैसले से न सिर्फ कर्मचारियों की आय बढ़ेगी, बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी।


