हांसी क्षेत्र की एक नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मंगलवार को उपचाराधीन युवक की भी मौत हो गई। इस मामले में युवती के स्वजन ने अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और जहर देकर हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इस मामले में जहां शुरुआती तौर पर प्रेम-प्रसंग के चलते दोनों के जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई जा रही थी, वहीं अब युवती के स्वजन के आरोपों पर पुलिस ने हत्या और सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
स्वजन के अनुसार सोमवार को बरवाला क्षेत्र में दिनदिहाड़े दो गाड़ियों में आए कुछ युवकों ने छात्रा का अपहरण किया था। आरोप है कि उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाया और सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद उसे जहर देकर मारने की साजिश रची गई।
छात्रा और गुराना निवासी युवक सुमित दोनों सेक्टर-14 क्षेत्र में एक कार में बेहोशी की हालत में मिले थे। छात्रा को तत्काल नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सुमित को गंभीर अवस्था में मेडिकल कालेज अग्रोहा रेफर किया गया। उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी भी मौत हो गई।
स्वजन ने बताया कि उनकी 21 वर्षीय बेटी सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उसने फोन कर बताया कि उसे सुमित और उसके साथियों ने नशीला पदार्थ पिला दिया है। इसके बाद करीब पौने पांच बजे दोबारा काल कर उसने जहर देने की बात कही, जिसके बाद संपर्क टूट गया। स्वजन जब अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिवार का आरोप है कि सुमित ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। उल्लेखनीय है कि नर्सिंग छात्रा की शादी 26 मार्च को फतेहाबाद जिले के एक गांव में हुई थी, लेकिन परीक्षा के चलते वह कुछ दिन पहले मायके आई थी।
मामले में एक और सवाल यह भी उठ रहा है कि युवक सुमित को जहर किसने दिया। स्वजन का कहना है कि जिस कार में दोनों मिले, उसमें सुमित भी बेहोश था और उसके शरीर से भी जहरीले पदार्थ की गंध आ रही थी। दोनों को सेक्टर-14 तक कौन छोड़कर गया, यह अभी जांच का विषय बना हुआ है।
बरवाला थाना पुलिस ने स्वजन की शिकायत पर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है। विसरा, केमिकल और स्वैब सहित अन्य साक्ष्य जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे हैं।
जांच अधिकारी सीमा ने बताया कि इस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और सभी संभावित एंगल पर काम किया जा रहा है। वहीं पुलिस के अनुसार सुमित शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोगों में आक्रोश का माहौल है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे मामले की सच्चाई सामने आ सके।


