रांची रेल मंडल में विकास को नई रफ्तार, वंदे भारत इंफ्रास्ट्रक्चर से बढ़ेगी क्षमता और सुविधाएं

1009 Shares

रांची रेल मंडल में वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की स्वीकृति मिल गई है। इसके तहत पीट लाइन का निर्माण किया जाएगा, जहां ट्रेनों के रखरखाव और मेंटेनेंस का कार्य किया जाएगा। गर्मी को देखते हुए जल आपूर्ति की व्यापक तैयारी की गई है।

स्वर्णरेखा नदी से नई पाइपलाइन लाई जाएगी, जबकि वर्तमान जलापूर्ति प्रणाली को मजबूत करने के लिए पाइपलाइन की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसकी जानकारी रांची रेल मंडल के डीआरएम केएन सिंह ने डीआरएम कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।

नई ट्रेनें और स्टेशनों का तेजी से विकास

डीआरएम ने बताया कि आनंद विहार-पुरुलिया वाया रांची ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कई स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

गोविंदपुर रोड रेलवे स्टेशन का उद्घाटन हो चुका है, जबकि मुरी रेलवे स्टेशन, लोहरदगा रेलवे स्टेशन और पिस्का रेलवे स्टेशन पूरी तरह तैयार हैं। शेष स्टेशनों का कार्य अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा।

रांची स्टेशन का विस्तार, बढ़ी परिचालन क्षमता

रांची स्टेशन यार्ड का री-ताडलिंग कार्य पूरा कर लिया गया है। यहां एक अतिरिक्त प्लेटफार्म का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही दो अतिरिक्त सेंटिंग नेक और एक नई लाइन जोड़ी गई है। कुल मिलाकर रांची स्टेशन पर तीन नई लाइनें बढ़ाई गई हैं, जिससे ट्रेनों के संचालन की क्षमता में 25 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि संभव हो गई है।

आय, तकनीकी सुधार और निवेश में वृद्धि

रांची रेल मंडल में इस वर्ष लगभग 450 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। स्क्रैप की बिक्री से 25 करोड़ रुपये की आय हुई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। तकनीकी सुधार के तहत 10 यार्ड के दोषपूर्ण लेआउट को दुरुस्त किया गया है और 87 किलोमीटर रेलखंड का नवीनीकरण किया गया है। इसके अलावा 72 प्वाइंट मशीनों को बदला गया है।

यात्री सुविधाओं में विस्तार और बढ़ती संख्या

सभी स्टेशनों पर यात्री सूचना प्रणाली का कार्य पूरा कर लिया गया है। टिकट जांच से होने वाली आय में भी वृद्धि हुई है। रांची स्टेशन पर प्रतिदिन 50 से 60 हजार यात्रियों का आवागमन हो रहा है। यात्री वृद्धि दर 2.3 प्रतिशत दर्ज की गई है।

समयबद्धता और माल ढुलाई में सुधार

रांची रेल मंडल में ट्रेनों की समयबद्धता 91.10 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 3 प्रतिशत अधिक है। मालगाड़ियों से 3.62 मिलियन टन माल की ढुलाई की गई है, जो पिछले वर्ष से अधिक है। दुर्ग-हटिया स्पेशल और धनबाद-भुवनेश्वर वाया रांची ट्रेनों को नियमित कर दिया गया है।

डीबडीह रेल क्रासिंग से आवागमन जल्द होगा शुरू

डीपीएस के पास डीबडीह रेल क्रासिंग से आवागमन जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। नयासराय आरओबी का एप्रोच रोड बनने में वक्त लगेगा। तीन से चार महीने का समय लगेगा। मौके पर सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *