अभिनेता जॉन अब्राहम के करियर की सबसे सफल फिल्मों के बारे में जिक्र किया जाए तो उसमें फोर्स और फोर्स 2 का नाम जरूर शामिल होगा। इस सक्सेसफुल मूवी फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त यानी फोर्स 3 का एलान बीते साल मेकर्स की तरफ से किया गया था, जिसमें जॉन के साथ उनके अजीज दोस्त और एक्टर हर्षवर्धन राणे की झलक देखने को मिलेगी।
अब फिल्म फोर्स 3 की रिलीज डेट का एलान कर दिया गया है। ऐसे में आइए जानते हैं कि जॉन अब्राहम और हर्षवर्धन राणे की ये एक्शन पैकेड मूवी बड़े पर्दे पर कब रिलीज की जाएगी।
कब रिलीज होगी फोर्स 3
लंबे समय से जॉन अब्राहम स्टारर फोर्स 3 को लेकर सुर्खियां तेज हैं। सुपरस्टार की इस मूवी को लेकर सिनेप्रेमियों की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर है। हर्षवर्धन राणे की एंट्री के बाद से इस मूवी को लेकर बज और अधिक बढ़ गया है। इस बीच फिल्म समीक्षक तरण आदर्श की तरफ से फोर्स 3 की रिलीज डेट को लेकर खुलासा किया गया है।
तरण ने इस मामले को लेकर अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर एक लेटेस्ट ट्वीट किया है। इस ट्वीट में उन्होंने लिखा है- जॉन अब्राहम और हर्षवर्धन राणे की अपकमिंग फिल्म फोर्स 3 की शूटिंग का काम जोरों से चल रहा है। मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट भी फाइनल कर ली है, जिसके आधार पर 19 मार्च 2027 को फोर्स 3 सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म का डायरेक्शन मशहूर डायरेक्टर भव धूलिया कर रहे हैं।
इसके अलावा तरण आदर्श ने ये जानकारी भी साझा दी है कि जॉन अब्राहम और हर्षवर्धन राणे के अलावा फोर्स 3 में लीड एक्ट्रेस के तौर पर अभिनेत्री तान्या मानिकतला नजर आएंगे, जो इससे पहले निर्माता करण जौहर और एक्टर लक्ष्य लालवानी की सुपरहिट फिल्म किल में नजर आ चुकी हैं।
11 साल का इंतजार होगा खत्म
साल 2011 में जॉन अब्राहम स्टारर फोर्स फ्रेंचाइजी की शुरुआत हुई थी। इसके बाद साल 2016 में इसका दूसरा पार्ट फोर्स 2 आया, जो पहले पार्ट की तरह बॉक्स ऑफिस पर सफल रहा। ऐसे में अब फोर्स 3 के जरिए इस फ्रेंचाइजी का 11 साल का सूखा खत्म होगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

