बिहार की सियासत में नए अध्याय की शुरुआत के साथ सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर मुजफ्फरपुर समेत पूरे तिरहुत क्षेत्र की उम्मीदें नई ऊंचाई पर पहुंच गई हैं।
भाजपा से मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने वाले पहले नेता के रूप में उन्होंने जो वादे उपमुख्यमंत्री रहते किए थे, अब उन पर अमल की अपेक्षा तेज हो गई है।
वादों से उम्मीदों तक का सफर
उपमुख्यमंत्री के रूप में अपने कई दौरों के दौरान सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं की थीं। अब मुख्यमंत्री बनने के बाद लोगों को भरोसा है कि वे इन योजनाओं को जमीन पर उतारेंगे और जिले को नई दिशा देंगे।
पताही एयरपोर्ट पर टिकी निगाहें
मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट को लेकर सबसे ज्यादा उम्मीदें हैं। जनवरी 2026 के दौरे में उन्होंने स्पष्ट किया था कि 2026 के अंत तक इसका कार्य हर हाल में शुरू कराया जाएगा। राज्य और केंद्र के बीच समन्वय बनाकर जमीन से जुड़ी बाधाओं को दूर करने की बात भी कही गई थी।
उद्योग और रोजगार से बदल सकती तस्वीर
मुजफ्फरपुर को उत्तर बिहार का कमर्शियल हब बनाने की योजना भी चर्चा में रही है। बड़े निवेशकों को एक रुपए में जमीन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव उद्योगों को आकर्षित कर सकता है। इसके साथ ही रोजगार सृजन, विशेषकर महिलाओं के लिए स्वयं सहायता समूहों के जरिए अवसर बढ़ाने की बात ने स्थानीय स्तर पर उम्मीद जगाई है।
न्याय व्यवस्था में तेजी की उम्मीद
कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चार नए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने की घोषणा की गई थी। इससे लंबित मामलों के त्वरित निपटारे की उम्मीद है। साथ ही पुलिस और होमगार्ड की बड़ी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं के लिए अवसर बढ़ने की संभावना है।
ट्रैफिक और स्वास्थ्य ढांचे पर फोकस
शहर की जाम समस्या को देखते हुए नए बाईपास रोड के निर्माण को गति देने का निर्देश भी दिया गया था। वहीं, श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर और आईसीयू यूनिट के विस्तार से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ने की उम्मीद है।
तिरहुत के विकास की नई राह
मुजफ्फरपुर के लोगों को विश्वास है कि नई सरकार के नेतृत्व में जिला ही नहीं, बल्कि पूरा तिरहुत क्षेत्र विकास की तेज रफ्तार पकड़ेगा। बुनियादी ढांचे, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के साथ यह क्षेत्र उत्तर बिहार का प्रमुख विकास केंद्र बन सकता है।


