पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव ड्यूटी पर जा रहे आइटीबीपी जवानों को धनबाद रेलवे स्टेशन पर कथित तौर पर खराब बिरयानी दिए जाने से नाराजगी फैल गई। जवानों ने भोजन लेने से इनकार कर दिया और बाद में दुर्गापुर में उनके लिए खाने की व्यवस्था की गई।
मंगलवार को सहारनपुर से चलकर बंगाल जा रही इलेक्शन स्पेशल ट्रेन संख्या 00438 दोपहर 13:52 बजे धनबाद स्टेशन पहुंची। ट्रेन में करीब 1700 जवान सवार थे। आइआरसीटीसी की ओर से उन्हें बिरयानी के पैकेट वितरित किए गए, लेकिन जवानों का आरोप था कि खाना खराब था और उससे बदबू आ रही थी। इसके बाद उन्होंने पैकेट प्लेटफॉर्म पर ही रख दिए और भोजन करने से मना कर दिया।
जवानों ने बताया कि सहारनपुर से यात्रा शुरू होने के बाद रास्ते में उन्हें पर्याप्त भोजन नहीं मिला। धनबाद में दिया गया खाना भी खाने योग्य नहीं था, जिससे उन्हें स्टेशन के बाहर से खाने की सामग्री खरीदनी पड़ी। लगभग एक घंटे तक ट्रेन के खड़ी रहने के बाद 14:56 बजे वह आगे रवाना हो गई।
आईटीबीपी अधिकारियों ने भी भोजन की गुणवत्ता खराब होने की पुष्टि की और इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी। वहीं, आईआरसीटीसी के धनबाद सुपरवाइजर पंचानंद ने आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि फुल मील देने की पूर्व सहमति नहीं थी और आसनसोल में इसकी व्यवस्था होनी थी।
धनबाद में केवल 2-3 घंटे पहले सूचना मिलने पर 964 बिरयानी पैकेट तैयार कराए गए। उन्होंने यह भी कहा कि बाद में जवानों ने फुल मील की मांग की, जिसे इतने कम समय में उपलब्ध कराना संभव नहीं था।घटना की जानकारी मिलने पर स्टेशन प्रबंधक संजय कुमार ने आईआरसीटीसी प्रतिनिधि से बातचीत कर नाराजगी जताई।


