ट्रिब्यून चौक पर जाम से मुक्ति का रास्ता साफ, फ्लाईओवर के लिए टेंडर खुला; अगले महीने से शुरू होगा काम

बहुप्रतीक्षित ट्रिब्यून चौक फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को लेकर टेंडर खोल दिया गया है। वित्तीय बोलियां खोली गईं, जिसमें सिंगला कंस्ट्रक्शंस लिमिटेड ने 147.98 करोड़ रुपये की सबसे कम बोली (एल-1) लगाई। यह राशि प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 214.66 करोड़ रुपये से करीब 31 प्रतिशत कम है।

इस परियोजना के लिए कुल 12 कंपनियों ने टेंडर भरे थे, जिनमें से 8 कंपनियां तकनीकी जांच में सफल रहीं और उन्हें ही वित्तीय मूल्यांकन के लिए पात्र माना गया। चार कंपनियों के टेंडर तकनीकी मानकों पर खरे न उतरने के कारण खारिज कर दिए गए।

अधिकारियों के अनुसार, बैठक की कार्यवाही मंत्रालय को अंतिम मंजूरी के लिए भेज दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी को प्रोजेक्ट का काम आवंटित कर दिया जाएगा। प्रशासन के अनुसार अगले महीने काम शुरू हो जाएगा ऐसे में सड़क भी बंद करनी पड़ेगी इसके लिए प्रशासन अलग से एडवाइजरी जारी करेगा।

कंपनी का नाम बोली की राशि (करोड़ रुपये में)
सिंगला कंस्ट्रक्शंस लिमिटेड (L1 – सबसे कम) 147.98
टैंड टी इंफ्रा लिमिटेड 156.45
गणेशकार्तिकेय कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड 157.59
श्री रिद्धि सिद्धि बिल्डवेल लिमिटेड 192.74
सेलिगल इंडिया लिमिटेड 207

30 महीने में पूरा होगा प्रोजेक्ट

परियोजना के तहत 1.65 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिसमें 1442 मीटर लंबा फ्लाईओवर, 519 मीटर अंडरपास और 75 मीटर का रोटरी शामिल होगा। इसे 30 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

ट्रिब्यून चौक पर रोजाना करीब 1.5 लाख वाहन गुजरते हैं, जिससे यह शहर का सबसे व्यस्त और जामग्रस्त चौराहा बना हुआ है। फ्लाईओवर बनने के बाद यहां सिग्नल-फ्री आवागमन संभव होगा और चंडीगढ़, मोहाली व पंचकूला के लाखों लोगों को राहत मिलेगी।

यह परियोजना वर्ष 2016 में तैयार की गई थी और 2019 में इसे मंजूरी मिली थी, लेकिन पेड़ों की कटाई पर हाईकोर्ट की रोक के चलते करीब पांच साल तक अटकी रही। अप्रैल 2024 में रोक हटने के बाद प्रोजेक्ट को फिर से गति मिली। इस प्रोजेक्ट के बनने से ट्राई सिटी के लोगों को फायदा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *