देहरादून में ‘छोटू’ एलपीजी सिलिंडर की किल्लत, उपभोक्ता परेशान; एजेंसियां दे रहीं झूठा आश्वासन

एलपीजी की परेशानी अभी बनी हुई है और छोटू एजेंसियों से गायब है। वहीं, विभाग की ओर से एजेंसियों पर छोटू सिलिंडर(पांच किलोग्राम) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दावे भले ही किए जा रहे हो, लेकिन एजेंसियों पर नजारा कुछ ओर ही देखने को मिल रहा है।

अधिकांश एजेंसियों पर छोटू का पर्याप्त स्टाक नहीं है, जबकि कुछ एजेंसी दो से चार दिनों में सिलिंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन उपभोक्ताओं को दे रही हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं की परेशानियां अभी कम होती नहीं दिख रही है।

दरअसल, आपूर्ति विभाग ओर तेल कंपनियों की ओर से जिले की सभी एजेंसियों पर गैस सिलिंडर की आपूर्ति के तेज गति से प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, राजधानी में दूर-दराज व बाहरी राज्यों के छात्रों व श्रमिकों की परेशानी को देखते हुए एजेंसियों पर छोटू (पांच किलोग्राम का सिलिंडर) की उपलब्धता बढ़ाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत में कहानी एकदम जुदा है।

कहीं एजेंसियों के पास सिलिंडर का स्टाक उपलब्ध नहीं है तो कहीं पर इंतजार करने का भरोसा देकर उपभोक्ता को तसल्ली दी जा रही है। कुछ एजेंसियों के कर्मी स्वयं भ्रमित होने के साथ उपभोक्ताओं को भी गुमराह कर रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ता भी निराश होकर एजेंसियों के कार्यालय से लौट रहे है। बुधवार को दैनिक जागरण टीम ने शहर स्थित एजेंसियों की पड़ताल की।

एजेंसी कर्मियों को नहीं सही जानकारी

भंडारी बाग स्थित अनुराग गैस एजेंसी से पांच किलोग्राम वाले सिलिंडर की मांग की गई तो कर्मियों ने सिलिंडर नहीं होने की बात कही।

पहले कनेक्शन लेने के बाद सिलिंडर देने का भरोसा दिया गया, जबकि पांच किलोग्राम कमर्शियल (एफटीएल ) सिलिंडर के लिए विभाग की ओर से उपभोक्ता से आधार, मोबाइल नंबर व भुगतान लेने के बाद हाथोहाथ सिलिंडर देने के निर्देश दिए गए हैं , लेकिन धरातल पर कहानी कुछ ओर चल रही है।

सत्यशील और अनिल गैस एजेेंसी पर स्टाक नहीं उपलब्ध

निरंजनपुर स्थित सत्यशील एजेंसी और कारगी चौक के पास अनिल गैस सर्विस में छोटू सिलिंडर का स्टाक उपलब्ध नही मिला। हालांकि, ग्राहक सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी कार्यालय पर चक्कर काटते रहे, लेकिन कर्मी सिलिंडर उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर ग्राहकों को लाैटाते रहे। एजेंसी प्रबंधन की ओर से दो से चार दिनों में सिलिंडर उपलब्ध कराने का उपभोक्ताओं को भरोसा दिया।

रेट आने के बाद वितरित होंगे सिलिंडर

जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के कर्मियों ने बताया कि आज ही 18 सिलिंडरों की खेप पहुंची है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस कनेक्शन पर फिलहाल रोक है। ऐसे में पांच किलोग्राम वाले यानि एफटीएल सिलिंडर(कमर्शियल) ग्राहकों को दिए जा रहे है।

वर्तमान में इसकी कीमत 15 सौ रुपये है। इसमें 560 रुपये गैस और बाकि सिलिंडर सिक्युरिटी के रूप में उपभोक्ताओं से जमा कराए जाते हैं, लेकिन अभी नये रेट व निर्देश आने के बाद सिलिंडर वितरित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *