तारापुर रिंग रोड निर्माण को मिली रफ्तार, भूमि अधिग्रहण में तेजी; मुंगेर DM ने किया निरीक्षण
शहर को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित रिंग रोड निर्माण की कवायद तेज हो गई है। गुरुवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसी के साथ प्रस्तावित बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने और निर्माण कार्य में आ रही सभी बाधाओं को जल्द दूर करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए आवश्यक भूमि अर्जन की कार्रवाई जारी है। संबंधित रैयतों को तत्काल नोटिस जारी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों में भूमि मापी या अन्य तकनीकी अड़चनें हैं, उनका निस्तारण दस दिनों के भीतर करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। जहां भूमि उपलब्ध हो चुकी है, वहां कार्य एजेंसी को बिना विलंब निर्माण शुरू करने को कहा गया।
राज्य पथ-22 की भी सुध, पुलों पर लगेगी रेलिंग
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रस्तावित बाईपास से जुड़े राज्य पथ-22 का भी जायजा लिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क को तत्काल मोटरेबल बनाने और चौड़ीकरण की जद में आने वाले भवनों को नियमानुसार नोटिस देकर हटाने का निर्देश दिया।
साथ ही मार्ग में पड़ने वाले पुल-पुलियों की समीक्षा करते हुए जिन पुलों पर रेलिंग नहीं है, वहां शीघ्र रेलिंग लगाने का आदेश दिया।
डीएम ने कहा कि रिंग रोड बनने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और तारापुर को लगातार लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान एडीएम मनोज कुमार, एसडीओ राकेश रंजन कुमार, सीओ संतोष कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, अभियंता और कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

