रांची में 13 अप्रैल से महंगा होगा ऑटो का सफर, नई किराया सूची जारी; अवैध वसूली के खिलाफ प्रदर्शन

2.7kViews
1101 Shares

रांची में अब सीएनजी ऑटो से सफर करने वाले यात्रियों को अधिक किराया देना पड़ेगा। झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने बताया कि शहर में लंबे समय से ऑटो किराया को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति अब खत्म होने जा रही है।

झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो का नया किराया 13 अप्रैल से लागू किया जाएगा। महासंघ के अनुसार कई ऑटो चालक बिना किराया सूची लगाए यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे थे। इसे देखते हुए अब तय किराया सूची जारी कर दी गई है, जिसके अनुसार यात्रियों से निर्धारित दर पर ही किराया लिया जाएगा।

जारी नई किराया सूची के मुताबिक प्रमुख रूटों पर किराया इस प्रकार होगा। दिनेश सोनी ने बताया कि नए किराए लागू होने के बाद यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक किराया देना होगा, लेकिन प्रशासन और संगठन का उद्देश्य मनमानी वसूली पर रोक लगाना है।

नई दरें इस प्रकार है

  • कांटाटोली से नामकुम : 20 रुपये
  • कांटाटोली से टाटीसिलवे : 30 रुपये
  • कांटाटोली से मिलन चौक : 35 रुपये
  • कांटाटोली से गोंदली पोखर : 40 रुपये
  • कांटाटोली से अनगड़ा ब्लाक : 50 रुपये
  • अनगड़ा से नामकुम : 40 रुपये
  • टाटीसिलवे से रिंग रोड ब्रिज : 20 रुपये
  • टाटीसिलवे से नामकुम : 20 रुपये

सीएनजी ऑटो चालकों का प्रदर्शन, अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग

रांची में झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ के नेतृत्व में ऑटो चालकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लोकभवन के समक्ष बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद संगठन की ओर से आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया।

प्रतिलिपि नगर आयुक्त और यातायात पुलिस अधीक्षक को भी दी गई। प्रदर्शन में रांची जिला ऑटो चालक यूनियन ने भी सहयोग किया।ऑटो चालक संघ के अध्यक्ष दिनेश सोनी ने कहा कि शहर में बड़ी संख्या में बिना परमिट के वाहन चल रहे हैं, जिससे वैध चालकों को परेशानी हो रही है और अवैध वसूली भी बढ़ गई है।

चालकों ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा कई स्थानों पर पार्किंग के नाम पर अवैध शुल्क वसूला जा रहा है, वहीं पुलिस द्वारा भी परमिट के नाम पर पैसा लिया जाता है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

ऑटो चालक महासंघ की मांग है कि शहर में पांच हजार नए आटो परमीट जारी किया जाए। साथ ही तीन हजार ई-रिक्शा को आवश्यक पास दिया जाए। अवैध वसूली पर रोक लगाने के लिए निर्धारित शुल्क तय हो। एक स्थान पर टोकन व्यवस्था लागू की जाए।

ऑटो चालकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आगे भी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। मौके पर संगठक की ओर से कमल कुमार रवानी, राकेश सिंह, नागेंद्र पोंड, आकाश भारती आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *