हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के सब कैडर के लिए आयोजित परीक्षा की स्कूल शिक्षा विभाग ने मेरिट सूची जारी कर दी है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा यह परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए 11290 शिक्षकों ने आवेदन किया था। इनमें से 9817 शिक्षकों ने परीक्षा दी थी।
1473 शिक्षक आवेदन करने के बाद परीक्षा देने नहीं आए थे। परीक्षा में 9007 शिक्षक उत्तीर्ण हुए जबकि 810 शिक्षक फेल हो गए हैं। पेपर 100 नंबर का था। इसमें से पास होने के लिए 40 नंबर आवश्यक थे।
मेरिट सूची जारी
स्कूल शिक्षा विभाग ने सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में तैनाती के लिए परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले शिक्षकों के रोल नंबरों की पदवार सूची उनकी मेरिट के अनुसार स्कूल शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। शिक्षकों को पांच मई से काउंसिलिंग के लिए बुलाया जाएगा। छह हजार शिक्षकों को विभाग सब कैडर में शामिल करेगा।
काउंसिलिंग के आधार पर होगी नियुक्ति
विभाग ने मेरिट सूची में 6678 शिक्षकों को शामिल किया है। अब काउंसिलिंग के आधार इन्हें सब कैडर में नियुक्त किया जाएगा। विभाग 151 स्कूलों के लिए शिक्षकों की नियुक्ति करेगा। पांच से छह और स्कूल सीबीएसई से संबद्ध करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
बड़े स्तर पर होंगे तबादले
प्रदेश में अभी चुनाव आचार संहिता लगी है। सीबीएसई सब कैडर के लिए काउंसिलिंग के बाद बड़े स्तर पर तबादले होंगे। इसके लिए विभागीय स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। काउंसिलिंग के बाद ही यह स्थिति स्पष्ट होगी कि किस स्कूल में कितने पद खाली रह जाते हैं।
गैर शिक्षकों के 604 पद भरेंगे
विभाग सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में गैर शिक्षकों के करीब 604 पदों को भरेगा। इसका प्रस्ताव पहले से सरकार को भेजा गया है। यह प्रक्रिया भी विभाग शुरू कर देगा ताकि बाद में कोई बाधा स्कूलों में न आए।
अलग से सूचित किया जाएगा काउंसिलिंग कार्यक्रम
निदेशक स्कूल शिक्षा विभाग आशीष कोहली ने बताया कि स्कूल शिक्षा बोर्ड काउंसिलिंग की निर्धारित तिथि से पहले परिणाम या मेरिट सूची में किसी भी त्रुटि या चूक को सुधारने का अधिकार सुरक्षित रखता है। इस संबंध में निदेशालय की ओर से सूचित किया जाएगा। सेवारत शिक्षक जिन्होंने स्क्रीनिंग टेस्ट उत्तीर्ण कर लिया है, वे काउंसिलिंग प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र होंगे। काउंसिलिंग का कार्यक्रम अलग से सूचित किया जाएगा। निदेशालय ने शिक्षकों को सलाह दी है कि काउंसिलिंग के कार्यक्रम सहित आगे के अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहे। इस संबंध में किसी को व्यक्तिगत रूप से अलग से सूचना नहीं भेजी जाएगी।


