अवैध रेत भंडारण पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 161 घन मीटर लावारिस रेत जप्त

5.3kViews
1305 Shares

सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल के निर्देशानुसार खनिज विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम जियावन स्थित शासकीय कॉलेज के पास शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित लावारिस रेत को जप्त किया।

खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनि निरीक्षक अशोक मिश्रा, राजस्व एवं पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से दिनांक 08/04/2026 को यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान मौके पर शासकीय भूमि पर लगभग 161 घन मीटर अवैध रूप से भंडारित लावारिस रेत पाई गई, जिसे तत्काल जप्त कर लिया गया।

प्रशासन द्वारा जप्त की गई रेत को रेत नियमों के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मामले में खनिज नियमों के तहत अग्रिम नियमानुसार कार्रवाई जारी है और दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध रूप से रेत, गिट्टी अथवा अन्य खनिज सामग्री का भंडारण करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा।

खनिज विभाग के जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन को रोकने के लिए लगातार संयुक्त जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध जुर्माना, जप्ती एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध रेत भंडारण या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *