बकाया टैक्स पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: माजन मोड़ के पास बस जब्त

सिंगरौली। जिले में बकाया कर वसूली को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के नेतृत्व में विभागीय टीम ने माजन मोड़ के पास एक बस वाहन को बकाया टैक्स के मामले में जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार, उक्त बस वाहन लंबे समय से टैक्स जमा नहीं कर रहा था, जिसे लेकर परिवहन विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही थी। मंगलवार को विशेष अभियान के तहत टीम ने माजन मोड़ के पास वाहन की जांच की, जिसमें टैक्स बकाया पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर लिया गया।

परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि जिले में टैक्स चोरी और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन वाहन संचालकों द्वारा बकाया टैक्स का भुगतान नहीं किया जा रहा है, उनके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विभाग द्वारा जब्त किए गए वाहन के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अन्य बकायेदार वाहन मालिकों को भी जल्द से जल्द टैक्स जमा करने की चेतावनी दी गई है, अन्यथा उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है और इसे राजस्व वसूली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *