तेज हवा संग फिर आ सकते बादल, परसों तक गरज-चमक संग हो सकती बूंदाबांदी
पूर्वी ईरान एवं उससे लगे अफगानिस्तान के आसपास चक्रवाती परिसंचरण के रूप में संकेंद्रित पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शुक्रवार को पश्चिमी तो शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से शनिवार व रविवार को तेज हवा के झोंकों संग गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। वज्रपात की भी संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक कार्यालय ने इस संंबंध में आरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि बादल शुक्रवार की दोपहर बाद या शाम को ही इधर पहुंच सकते हैं। तेज हवा चल सकती है। शनिवार तक इनकी उपस्थिति बनी रह सकती है। वर्षा की ज्यादा संभावना बनारस क्षेत्र में नहीं दिखती।
फिलहाल गुरुवार को तीखी धूप होने से चमड़ी के झुलसने का आभास हुआ। बुधवार की सुबह हुई हल्की वर्षा के बाद आसमान साफ होते ही अधिकतम तापमान बढ़कर 2.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर बीएचयू क्षेत्र में सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 39.5 हो गया। न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक 21.4 पर रहा।
बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई और यह सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक 38.3 रहा। न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई और सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

