सिंगरौली के दो निरीक्षकों का तबादला, उमरिया से राकेश चंद्र मिश्रा की जिले में पदस्थापना

1274 Shares

सिंगरौली। मध्य प्रदेश पुलिस स्थापना बोर्ड द्वारा 3 जुलाई 2026 को कार्यवाहक रक्षित निरीक्षक, सूबेदार, निरीक्षक एवं कार्यवाहक निरीक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश में प्रदेश के कई जिलों के अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में सिंगरौली जिले से दो अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि एक निरीक्षक की पदस्थापना सिंगरौली जिले में की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, कार्यवाहक निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया, जो सिंगरौली जिले में पदस्थ थे, उनका स्थानांतरण जिला डिंडोरी कर दिया गया है। वहीं, कार्यवाहक रक्षित निरीक्षक दीपेंद्र सिंह कुशवाहा, जो सिंगरौली में यातायात थाना प्रभारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे थे, उन्हें रक्षित निरीक्षक के पद पर रीवा स्थानांतरित किया गया है।

इसके अलावा सूबेदार हेमंत पाटीदार का स्थानांतरण पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) इंदौर से जिला रतलाम किया गया है। वहीं निरीक्षक राकेश चंद्र मिश्रा को जिला उमरिया से जिला सिंगरौली पदस्थ किया गया है। पुलिस स्थापना बोर्ड द्वारा जारी आदेश में प्रदेश के अन्य जिलों में पदस्थ कई कार्यवाहक निरीक्षकों के भी स्थानांतरण किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमानुसार अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करें।

गौरतलब है कि प्रदेश में समय-समय पर प्रशासनिक आवश्यकताओं, कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस व्यवस्था में बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के तबादला आदेश जारी किए जाते हैं। सिंगरौली में निरीक्षक राकेश चंद्र मिश्रा की पदस्थापना और दो अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद पुलिस महकमे में नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *