अगले हफ्ते से फिर उड़ेंगे एलसीए तेजस फाइटर जेट, भारतीय वायुसेना की बढ़ेगी ताकत

3.1kViews
1238 Shares

 हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक डॉ. डीके सुनील ने गुरुवार को बताया कि हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस अगले हफ्ते से फिर से उड़ान भरने के लिए तैयार हैं।

गत फरवरी में ब्रेकिंग सिस्टम से जुड़ी एक दुर्घटना के कारण इन विमानों का संचालन बंद कर दिया गया था। उन्होंने बुधवार तक तेजस विमानों का संचालन बहाल होने की उम्मीद जताई है।

सुनील ने बताया कि आवश्यक मंजूरी प्रक्रिया चल रही है और कुछ जांच पूरी होने के बाद बेड़ा जल्द ही संचालन में लौट सकता है।

उन्होंने कहा, ‘अच्छी खबर यह है कि तेजस बेड़े के लिए एलएमसी (लोकल माडिफिकेशन कमेटी) में चर्चा हुई है। हमें उम्मीद है कि बुधवार तक यह मंजूरी मिल जाएगी और बेड़ा उड़ान भरना शुरू कर देगा।’ सुनील ने बताया कि विमानों के सेवा में लौटने से पहले कुछ विशेष जांच की गई है।

एचएएल चेयरमैन ने बेड़े में विमानों की संख्या के बारे में बताया कि भारतीय वायु सेना के पास 36 तेजस विमान हैं। इनमें से दो विमान परिचालन बेड़े का हिस्सा नहीं हैं। बेड़े में लड़ाकू और प्रशिक्षक दोनों प्रकार के विमान शामिल हैं। 32 लड़ाकू और चार प्रशिक्षक विमान हैं।

उल्लेखनीय है कि फरवरी के पहले हफ्ते में एक दुर्घटना के बाद तेजस बेड़ा का संचालन बंद कर दिया गया था। एक तेजस विमान के एयरफ्रेम को नुकसान पहुंचा था, क्योंकि संदेह है कि ब्रेक फेल होने के चलते यह एयरबेस पर रनवे से आगे निकल गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *