पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया (PIA) थाना पुलिस ने स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित अपने साथियों के साथ मोबाइल झपटकर फरार हो गया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी भी बरामद कर ली है।
डीसीपी राजीव कुमार के अनुसार, एक अप्रैल की सुबह करीब साढ़े चार बजे धर्मेंद्र नामक व्यक्ति अपनी ड्यूटी से घर लौट रहे थे। गाजीपुर गांव स्थित जीबीएसएस स्कूल के पास तीन बदमाश स्कूटी पर सवार होकर आए और पीछे बैठे आरोपित ने उनका मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से एक आरोपित की पहचान कर उसे राधू पैलेस झुग्गी क्लस्टर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान इरफान (24) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपित ने अपने दो साथियों के साथ वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई, जो मदर विहार थाने में दर्ज चोरी के मामले की निकली।
पुलिस के अनुसार आरोपित नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल, पुलिस फरार अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।


