Gmail के ई-मेल एड्रेस के साथ एक समस्या काफी समय से बनी हुई थी। वो ये कि काफी-समय पहले बनाए गई ई-मेल ID को पर्सनल के साथ-साथ प्रोफेशनल लाइफ भी इस्तेमाल करना पड़ता था। इसमें समस्या ये थी कि इसमें कई लोगों के ई-मेल एड्रेस प्रोफेशनल यूज के लिए बेहतर नहीं थे। ये Gmail यूजर्स के लिए एक परेशानी का सबब बनी हुई थी। खासकर इसलिए क्योंकि Gmail ईमेल एड्रेस बदलने के लिए एक नया ईमेल अकाउंट बनाना पड़ता था और सारा डेटा मैनुअल तरीके से ट्रांसफर करना पड़ता था। ये स्थिति न केवल थकाने वाली थी, बल्कि जोखिम भरी भी थी, क्योंकि इससे डेटा, ईमेल और कॉन्टैक्ट्स खोने का खतरा रहता था। हालांकि, Google ने आखिरकार इस समस्या का समाधान कर दिया है, जो कई Gmail यूजर्स के लिए एक बड़ी परेशानी थी। अब यूजर्स अपना डेटा और ईमेल अकाउंट हिस्ट्री खोए बिना अपना यूजरनेम बदल सकते हैं।
इसकी घोषणा Google के आधिकारिक X अकाउंट के जरिए की गई, जिसमें कंपनी ने बताया कि अमेरिका में Gmail यूज़र्स अपना @gmail.com यूजरनेम अपडेट कर सकते हैं और अपना डेटा भी सुरक्षित रख सकते हैं। ये फीचर Gmail, Photos, Drive और दूसरे मेजर Google सर्विसेज पर लागू होता है, जिससे ये सिर्फ एक छोटा-मोटा बदलाव न होकर एक यूनिफाइड आइडेंटिटी अपडेट बन जाता है।
एक बात जो ध्यान रखने लायक है, वह ये है कि आप अपना पुराना ईमेल एड्रेस नहीं खोएंगे। इसके बजाय, आप इसे एक उपनाम (alias) के तौर पर इस्तेमाल कर पाएंगे। इसका मतलब है कि आप अभी भी अपने पुराने यूज़रनेम से अपने अकाउंट में साइन इन कर पाएंगे और अपने दोनों ईमेल एड्रेस से ईमेल सेंड और रिसीव कर पाएंगे।
Google ने कुछ पाबंदियां भी लगाई हैं, ताकि यूजर्स इन सुविधाओं का गलत इस्तेमाल न करें। कोई भी यूजर साल में एक बार अपना यूजरनेम बदल सकता है। हालांकि, कोई भी यूजर कुल मिलाकर तीन बार अपना यूजरनेम बदल सकता है। इसके अलावा, नया यूजरनेम उपलब्ध होना चाहिए और उसे Gmail के नाम रखने के स्टैंडर्ड नियमों का पालन करना चाहिए। अगर जरूरत पड़े, तो यूजर्स के पास अपने पुराने यूजरनेम पर वापस जाने का ऑप्शन भी मौजूद है।
अभी ये फीचर सिर्फ अमेरिका के यूजर्स के लिए उपलब्ध है। इसके अलावा, Google ने अभी तक ये भी नहीं बताया है कि भविष्य में ये फीचर भारत जैसे दूसरे देशों के लिए कब उपलब्ध कराया जाएगा।
Google में अपना यूजरनेम कैसे बदलें?
अपना Gmail यूजरनेम अपडेट करने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें:
- अपने Google अकाउंट की सेटिंग में जाएं।
- फिर Personal Info वाले सेक्शन में जाएं।
- ‘यूज़रनेम’ या ‘ईमेल’ का ऑप्शन चेक करें।
- एक नया उपलब्ध @gmail.com यूजरनेम सेलेक्ट करें।
- चेंज कंफर्म करें और सेटिंग्स सेव करें।
अपडेट होने के बाद, आपका नया यूजरनेम Google की सभी सपोर्टेड सर्विसेज पर एक्टिव हो जाएगा, जबकि आपका पुराना यूजरनेम एक एलियास के तौर पर काम करता रहेगा।


