जामताड़ा में सामूहिक विवाह समारोह बना ‘बेटी सम्मान’ का अनोखा उदाहरण, Chunky Pandey बने बराती

शहर के गांधी मैदान में रविवार को एक ऐतिहासिक और भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन बड़े ही धूमधाम, हर्षोल्लास और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में किया गया। इस समारोह में फिल्म अभिनेता चंकी पांडेय भी बराती बने।

इस अवसर पर 51 कन्याओं का विवाह एक साथ संपन्न कराया गया, जिसे देखने और आशीर्वाद देने के लिए शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। पूरा गांधी मैदान खुशियों, उल्लास और मंगल गीतों से गूंज उठा। यह कार्यक्रम न केवल विवाह समारोह था, बल्कि समाज को बेटी सम्मान, सामाजिक एकता और सहयोग का संदेश देने वाला एक प्रेरणादायक आयोजन भी बन गया।

51 दूल्हों की एक साथ निकली भव्य बरात बनी आकर्षण का केंद्र

समारोह की शुरुआत दुमका रोड स्थित शिव मंदिर से हुई, जहां से 51 दूल्हों की एक साथ भव्य बारात निकाली गई। सजाए गए वाहनों, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और नाचते-गाते हजारों बरातियों के साथ यह अनोखी बरात शहर के मुख्य बाजारों से होकर गांधी मैदान पहुंची। बरात के दौरान जगह-जगह फूलों की वर्षा कर बरातियों और दूल्हों का स्वागत किया गया।

शहरवासियों ने अपने घरों और दुकानों से इस अद्भुत नजारे को देखा। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भी इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। गांधी मैदान में हुआ भव्य स्वागत, समधी मिलन बना आकर्षण जब बरात गांधी मैदान पहुंची, तब वहां पहले से मौजूद अतिथियों, आयोजकों और आम लोगों ने सभी दूल्हों और बरातियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

समधी मिलन की रस्म भी बड़े ही हर्षोल्लास के साथ निभाई गई, जिसने माहौल को और भी भावुक और आनंदमय बना दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे फिल्म अभिनेता चंकी पांडे का भी लोगों ने जोरदार स्वागत किया। उनके पहुंचते ही कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और बढ़ गया।

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

मंच पर नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, आयोजक तरुण कुमार गुप्ता, संयोजक राजा नित्य गोपाल सिंह, प्रभारी मोहनलाल बर्मन, नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत समेत सभी वार्ड पार्षदों एवं अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

51 बेटियों को विदा कर भावुक हुए आयोजक

कार्यक्रम के आयोजक तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि भगवान ने उन्हें पुत्री सुख नहीं दिया, लेकिन आज 51 बेटियों का हाथ पीला करने का सौभाग्य मिला है, जो उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य और गर्व का क्षण है।

उन्होंने कहा कि समाज सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है, और यदि हर सक्षम व्यक्ति जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करे तो समाज में किसी भी बेटी की शादी आर्थिक कारणों से नहीं रुकेगी। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों, सहयोगियों, दानदाताओं और प्रशासनिक अधिकारियों को हृदय से धन्यवाद दिया।

ये सभी बेटियां मेरी अपनी बेटियों के समान

नप अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि भगवान ने उन्हें एक भी बेटी नहीं दी, लेकिन आज 51 बेटियों के विवाह में सहभागी बनने का सौभाग्य मिला है। ये सभी बेटियां उनकी अपनी बेटियों के समान हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां घर की लक्ष्मी होती हैं और उनके सम्मान एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज को आगे आना चाहिए।

चंकी पांडे की प्रस्तुति ने बांधा समां

समारोह में पहुंचे अभिनेता चंकी पांडे ने मंच पर शानदार प्रस्तुति देकर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। करीब एक घंटे तक चले उनके कार्यक्रम में लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और उत्साह के साथ स्वागत किया। उनकी प्रस्तुति देखने के लिए बड़ी संख्या में शहर और ग्रामीण इलाकों से लोग पहुंचे थे।

शहर से गांव तक पहुंचा सामाजिक संदेश

यह आयोजन केवल विवाह समारोह नहीं था, बल्कि समाज को एक मजबूत संदेश देने वाला कार्यक्रम साबित हुआ। सामूहिक विवाह जैसे आयोजन से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत मिलती है, सामाजिक एकता मजबूत होती है और बेटियों के प्रति सम्मान की भावना बढ़ती है।

शहरवासियों और ग्रामीणों ने कहा कि गांधी मैदान में इस तरह का आयोजन पहली बार इतने बड़े स्तर पर देखने को मिला। 51 दूल्हों की बरात, हजारों लोगों की मौजूदगी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक विवाह ने इस दिन को जामताड़ा के इतिहास में यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *