नवानगर पुलिस की तत्परता से स्कूल से लापता बच्चे सुरक्षित मिले, परिजनों ने ली राहत की सांस

5.7kViews
1352 Shares

सिंगरौली। नवानगर थाना पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते डीपीएस निगाही स्कूल से कक्षा में न पहुंचने वाले बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस की सक्रियता से संभावित अनहोनी टल गई और बच्चों के परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए नवानगर पुलिस की सराहना की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीपीएस निगाही स्कूल में अध्ययनरत 2 बच्चे घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे, लेकिन स्कूल पहुंचने के बाद भी वे अपनी कक्षाओं में नहीं पहुंचे। इसकी सूचना मिलते ही नवानगर थाना प्रभारी डॉ. अनिल कुमार पटेल ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल पुलिस बल के साथ डीपीएस निगाही स्कूल पहुंच गए।

मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से जानकारी लेने के साथ ही स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में यह स्पष्ट हुआ कि बच्चे स्कूल के मुख्य गेट से अंदर तो आए थे, लेकिन कक्षा में जाने के बजाय कुछ ही देर बाद मुख्य गेट से बाहर निकल गए।

इसके बाद थाना प्रभारी डॉ. अनिल कुमार पटेल ने तत्काल आसपास के क्षेत्रों में पुलिस टीमों को रवाना कर बच्चों की तलाश शुरू कराई। पुलिस की सक्रिय खोजबीन का परिणाम यह रहा कि कुछ ही समय बाद बच्चे स्कूल से कुछ दूरी पर सुरक्षित मिल गए। इसके बाद पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सकुशल मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और नवानगर पुलिस, विशेष रूप से थाना प्रभारी डॉ. अनिल कुमार पटेल एवं उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की मुस्तैदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से किसी भी संभावित अप्रिय घटना को टाला जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *