ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हिमालया प्राइड सोसायटी के टावर एक की लिफ्ट में शुक्रवार को कन्या पूजन के लिए जा रही बच्चियों के लिफ्ट में फंसने की शिकायत पुलिस से करना निवासियों को भारी पड़ गया। सोसायटी के लोगों ने देर रात बिल्डर प्रबंधन पर बिजली की आपूर्ति बाधित करने का आरोप लगाया है।
निवासियों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की वजह से निवासियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली न आने के कारण काफी देर तक लिफ्ट संचालन बंद रहा। निवासियों का दावा है कि रखरखाव प्रबंधन ने जानबूझकर सोसायटी की बिजली आपूर्ति बाधित की है।
लिफ्ट में 45 मिनट तक फंसी रहीं बच्चियां
सोसायटी के लोगों ने बताया कि शुक्रवार को टावर एक में लिफ्ट अटक गई थी। जिस समय लिफ्ट अटकी उसमें 10 बच्चियों के साथ एक महिला व युवक मौजूद थे। करीब 45 मिनट तक बच्चियां लिफ्ट में फंसी रहीं। सूचना पर पहुंचे स्वजन ने नाराजगी जताने के साथ शिकायत बिसरख कोतवाली पुलिस से की थी। पुलिस ने बिल्डर व एओए के पदाधिकारियों को बुलाया था,लेकिन बिल्डर नहीं पहुंचा।
उनके दो मेंटेनेंस के कर्मचारी थाने गए थे। पुलिस ने दोनों को वहां बैठा लिया था। वहां से आने के बाद सोसायटी में बिजली की कटौती कर दी गई। जब रखरखाव प्रबंधन के कर्मचारियों से संपर्क किया तो फोन तक नहीं उठाया।
निवासियों ने पूरी जानकारी पुलिस को देने के साथ ही बिजली मकेनिक को बुलाया। जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। एओए सचिव मंयक ने बताया कि पांच घंटे तक सोसायटी के करीब 11 सौ परिवार परेशान रहे। इस संबंध में रखरखाव प्रबंधन से दूरभाष के जरिये संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।


