शराब के नशे ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो गांव के मारिसाई टोला में शनिवार दोपहर शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी गर्भवती बहू और 10 वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
मृतकों की पहचान 33 वर्षीय नानिका बिरूवा और उनकी 10 वर्षीय पुत्री शर्मिला बिरूवा के रूप में हुई है। बताया गया कि आरोपी रमाय बिरूवा उर्फ लुगुन रोजाना शराब पीकर घर आता था और परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज व झगड़ा करता था।
शनिवार को भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और विवाद के दौरान पास में रखी कुल्हाड़ी से पहले अपनी गर्भवती बहू नानिका बिरूवा पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपनी 10 वर्षीय भतीजी शर्मिला बिरूवा पर भी ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के समय नानिका के पति दखल सिंह बिरूवा खेत में काम करने गए थे। सूचना मिलने पर घर लौटे तो पत्नी और बेटी के शव खून से लथपथ पड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल मंझारी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। दखल सिंह बिरूवा ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई रमाय बिरूवा रोज शराब पीकर घर में उत्पात मचाता था और परिवार के लोगों को प्रताड़ित करता था।
मंझारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमाय बिरूवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।
एक ही परिवार की दो लोगों की हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को बर्बाद कर दिया।


