हरियाणा सरकार की बड़ी पहल, सरकारी स्कूलों के लिए लॉन्च हुआ ‘स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर पोर्टल’

हरियाणा सरकार ने सरकारी हाई और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में उपलब्ध खेल सुविधाओं का पहली बार राज्यस्तरीय डिजिटल डाटाबेस तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए ‘स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर पोर्टल’ लांच कर दिया और सभी सरकारी स्कूलों को नौ जुलाई तक खेल सुविधाओं तथा भविष्य की आवश्यकताओं का विस्तृत विवरण आनलाइन अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। इस पहल के जरिए प्रदेश के प्रत्येक स्कूल में उपलब्ध खेल अधोसंरचना का वास्तविक आकलन किया जाएगा, ताकि भविष्य की योजनाएं जरूरत के अनुरूप बनाई जा सकें।

माध्यमिक शिक्षा महानिदेशक की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक विद्यालय को पोर्टल पर दो प्रकार की जानकारी उपलब्ध करानी होगी। पहली, स्कूल में वर्तमान में उपलब्ध खेल सुविधाओं का पूरा विवरण और दूसरी, किन खेलों के लिए नई खेल अधोसंरचना की आवश्यकता है। माध्यमिक शिक्षा विभाग का उद्देश्य सभी सरकारी विद्यालयों की खेल सुविधाओं से संबंधित जानकारी को एकीकृत डिजिटल प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराना है।

तीन श्रेणियों में देनी होगी खेल सुविधाओं की जानकारी

विद्यालयों को इंडोर गेम्स, आउटडोर गेम्स और मिश्रित (मिक्स्ड) खेलों से संबंधित जानकारी अलग-अलग श्रेणियों में दर्ज करनी होगी। प्रत्येक खेल के लिए उपलब्ध मैदान, कोर्ट, उपकरण तथा नई आवश्यक सुविधाओं का भी विस्तृत विवरण देना होगा, ताकि वास्तविक जरूरतों का सही आकलन किया जा सके।

डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जाएगी। सबसे पहले स्कूल अपने मौजूदा एमआइएस यूजर आइडी और पासवर्ड से पोर्टल पर लागिन करेंगे। इसके बाद खेल अधोसंरचना से संबंधित सभी विवरण भरेंगे। सिस्टम से तैयार होने वाली पीडीएफ रिपोर्ट पर खेल प्रशिक्षक और स्कूल प्रमुख के हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। अंत में हस्ताक्षरित रिपोर्ट को पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी रखेंगे निगरानी

माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। वहीं संयुक्त निदेशक (आइटी) को नौ जुलाई तक पोर्टल के सुचारु संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए हेल्पडेस्क की व्यवस्था भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *