राज्यसभा चुनाव: ओडिशा कांग्रेस के विधायकों को रिश्वत देने की कोशिश में दो गिरफ्तार,डीके शिवकुमार ने भाजपा पर लगाए आरोप

 कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने रविवार को दावा किया कि भाजपा के ”ऑपरेशन लोटस” के तहत ओडिशा कांग्रेस के विधायकों को रिश्वत देने की कोशिश के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये विधायक यहां के पास एक रिसार्ट में ठहरे हुए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने ”ऑपरेशन लोटस” की योजना बनाई है और ओडिशा में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनावों से पहले यहां लाए गए प्रत्येक विधायक को पांच करोड़ रुपये की पेशकश कर रही है।

ओडिशा के एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने बेंगलुरु में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि कुछ लोगों ने पार्टी विधायकों को रिश्वत देने की कोशिश की और जब उन्होंने पेशकश ठुकरा दी तो उन्हें धमकाया। आठ विधायक, ओडिशा कांग्रेस इकाई के कुछ अन्य पदाधिकारियों के साथ रिसार्ट में ठहरे हुए हैं। उन्हें राज्यसभा चुनावों के दौरान सत्तारूढ़ भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार के पक्ष में विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंका के चलते बेंगलुरु लाया गया है।

प्रत्येक वोट के लिए पांच करोड़ रुपये की पेशकश- शिवकुमार

शिवकुमार ने कहा, “चार लोग आए थे। सुरेश नाम के एक स्थानीय व्यक्ति ने उनकी मदद की। उन्होंने आनलाइन माध्यम से विधायक से संपर्क किया। सुबह वे हमारे विधायक को ले गए। हमारे विधायक ने हमें बताया कि उन्होंने प्रत्येक वोट के लिए पांच करोड़ रुपये की पेशकश की थी। कांग्रेस विधायक ने कहा कि वे विधायकों की खरीद-फरोख्त के पक्ष में नहीं हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *