नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब माइल स्टोन 65 के पास आगरा से नोएडा जा रही एक निजी बस अचानक धधक उठी। चलते-चलते बस में आग लगने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई।
धुआं उठता देखकर चालक ने सड़क किनारे की बस
बताया जा रहा है कि करीब सुबह सवा 11 बजे बस में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। हालांकि, इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि सभी यात्रियों को समय रहते बस से नीचे उतार लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
देखते ही देखते जलकर राख हो गई बस
देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। यात्रियों को पीछे से आ रही दो अन्य बसों के जरिए सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। नौहझील थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि कोई जनहानि नहीं हुई है। चालक की तलाश की जा रही है।


