अंबेडकरनगर में शराब के नशे में बेटे ने पिता को दिया धक्का, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

3.5kViews
1096 Shares

कहासुनी व हाथापाई के दौरान शराब के नशे में धुत बेटे ने पिता को धक्का दे दिया। गिरने से सिर पर लगी चोट के कारण मौत हो गई। पुलिस मामले में छानबीन करते हुए गांव के दो युवकों से पूछताछ कर रही है।

जैतपुर के कुसुमखोर के हौसिला के पुत्र उत्तम ने घर पर रविवार की रात मुर्गा आदि बनवाया था। भोजन करने उसका दोस्त सूरज भी पहुंचा था। रात्रि करीब नौ बजे शराब के नशे में धुत रामअचल का पुत्र छोटू भी उत्तम के घर पर पहुंच गया। अपशब्द बोलने लगा।

उत्तम ने विरोध किया और राम अचल को जानकारी दी। बेटे को समझाने एवं घर लाने के लिए पिता पहुंचा, वह उससे उलझ गया और हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान धक्का-मुक्की से राम अचल जमीन पर गिर गए और बेहोश हो गए।

घबराए स्वजन उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। छोटू रामअचल का इकलौता पुत्र है। चार बेटियां सुमन, सरोज, प्रमिला तथा गायत्री हैं।

शादीशुदा छोटू भी दो बेटियों तथा दो बेटों समेत चार बच्चों का पिता है, जबकि मां की मौत पहले हो चुकी है। थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि कोई तहरीर नहीं प्राप्त हुई है। बेटे समेत दो युवकों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *