क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर युवक से 13 लाख 68 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोप कालिंदी कालोनी निवासी रमेश दत्ता, उसकी मां मधु, बेटे प्रियांशु दत्ता, पंचकूला के गांव ओरियन कालका निवासी अमित खेड़ा, गधौली कालोनी निवासी हेमंत भटनागर, पिंजौर निवासी विनय गुप्ता पर लगा है। शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोपितों पर पूर्व में भी इसी तरह से ठगी का एक अन्य केस दर्ज है।
पुलिस को दी शिकायत में सरोजनी कालोनी निवासी संदीप कुमार ने बताया कि जनवरी 2025 में एक दोस्त ने बताया कि उसने बीएफएक्स प्रो नाम की क्रिप्टो करेंसी में निवेश किया हुआ है। जिससे अच्छा लाभ मिल रहा है। उसने ही रमेश दत्ता से मुलाकात कराई। आरोपित रमेश दत्ता ने कहा कि निवेश करने से पहले आइडी बनवानी पड़ेगी। जिसकी फीस साढ़े 13 हजार रुपये है।
यह रुपये आरोपित के घर जाकर नकद दिए। इसके बाद आरोपित के कहे अनुसार नौ लाख रुपये क्रिप्टो में निवेश कर दिए। कुछ दिन बाद आरोपित ने एक एप मोबाइल में डाउनलोड कराई। आरोपित के मधु होटल के पास बने कार्यालय में भी गया। जहां उसने बताया कि पूरी रकम का क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर दिया है। इसमें काफी मुनाफा होगा। अप्रैल में आरोपित अपने साथ नैनीताल में कंपनी की मीटिंग में लेकर गया।
हां आरोपित ने अपनी कंपनी के पार्टनरों अमित खेड़ा, हेमंत भटनागर, हरनेक सिंह, विनय गुप्ता से मुलाकात कराई। आरोपितों ने आश्वस्त किया कि मूलधन की पूरी जिम्मेदारी उनकी है। इसके बाद आरोपित अलग-अलग होटलों में मीटिंग के बुलाते। वहां पर भी कंपनी में निवेश के बारे में बताया जाता।
इस तरह से कंपनी में लगभग 13 लाख 68 हजार रुपये का निवेश कर दिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब मुनाफे की राशि नहीं मिली तो आरोपितों से बात की। वह टाल मटोल करने लगे। बाद में पता लगा कि आरोपित ठग हैं और फर्जी एप तैयार कर लोगों को निवेश के नाम पर ठगते हैं।


