ग्राम रतनपुर में ग्रामीण की 12 वर्षीय पुत्री ने परचून की दुकान से टाफी का डिब्बा चुरा लिया। इससे नाराज पिता ने किशोरी को डंडों से बुरी तरह पीट दिया। इससे किशोरी की मौत हो गई। घटना के बाद पिता ने मकान बंद कर लिया और अंदर बैठ गया और पत्नी का भी मुंह बंद कर दिया।
बाद में मकान को बाहर से बंद करके पिता फरार हो गया। पत्नी ने शोर मचाकर मकान का दरवाजा खुलवाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है। पत्नी ने आरोपित पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
घटना के बाद पिता मकान बंद कर अंदर बैठ गया और पत्नी का भी मुंह बंद कर दिया
थाना प्रभारी गंगा प्रसाद राजपूत ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम रतनपुर निवासी पुष्पेंद्र उर्फ पप्पू परिवार समेत गांव में रहता है। वह गांव में दूध बेचने का कार्य करता है। पुष्पेंद्र के परिवार में पत्नी व चार बच्चों में सबसे बड़ी पुत्री 12 वर्षीय पूजा गांव के प्राइमरी स्कूल में कक्षा छह की छात्रा थी।
बाद में पिता हो गया मौके से फरार
गुरुवार की दोपहर पूजा गांव में स्थित परचून की दुकान से सामान लेने गई थी। इसी दौरान पूजा ने दुकान से टाफी का डिब्बा चोरी कर लिया था। इसकी जानकारी मिलने पर पुष्पेंद्र ने पुत्री की डंडों से पीट दिया था। पुत्री को बचाने के प्रयास में इसकी मां आरती भी चोटिल हो गई। पिता की पिटाई से पूजा की मौत हो गई। पुत्री की मौत के बाद पुष्पेंद्र दरवाजा अंदर से बंद कर घर में बैठा रहा और पत्नी आरती, पुत्री व दो पुत्र को शोर नहीं मचाने दिया।
पुलिस ने पुत्री के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजा
देर शाम पुष्पेंद्र उर्फ पप्पू घर का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया। इसके बाद पुष्पेंद्र की पत्नी ने किसी तरह ग्रामीणों की मदद से दरवाजा खुलवाया और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। शुक्रवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव काे पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
थाना प्रभारी गंगा प्रसाद राजपूत ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर आरोपित पुष्पेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपित की तलाश की जा रही है।


