वाराणसी के भदैनी विद्युत उपकेंद्र में करंट से संविदा कर्मी की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भदैनी स्थित विद्युत उपकेंद्र में बीती रात करीब एक बजे ब‍िजली ठीक करते समय संविदा कर्मी भरत लाल राजभर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक भरत लाल मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर गांव के निवासी थे। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य कन्हैयालाल राजभर ने बताया कि भरत लाल राजभर अत्यंत निर्धन परिवार से थे। उनके 75 वर्षीय पिता कल्लू प्रसाद राजभर ठेले पर सब्जी बेचकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। भरत की मौत के बाद वृद्ध माता-पिता, पत्नी चंदा देवी और चार नाबालिग बच्चे बेसहारा हो गए हैं।

पिता कल्लू प्रसाद राजभर ने कहा, “मेरा बेटा घर का इकलौता कमाने वाला था। विभाग की लापरवाही ने मेरा सहारा छीन लिया। अब बूढ़े मां-बाप और छोटे बच्चों को कौन देखेगा। सरकार से गुजारिश है कि बहू को नौकरी दे दे ताकि बच्चों का पेट भर सके।”

पूर्व जिला पंचायत सदस्य कन्हैयालाल ने कहा कि यह ब‍िजली विभाग की घोर लापरवाही का नतीजा है। एक गरीब परिवार का चिराग बुझ गया। हम बि‍जली विभाग और उत्तर प्रदेश सरकार से मांग करते हैं कि मृतक भरत लाल राजभर की विधवा पत्नी चंदा देवी को विभाग में सरकारी नौकरी और विभागीय पेंशन तत्काल दी जाए, ताकि परिवार भुखमरी के कगार पर न पहुंचे।

इस दुख की घड़ी में पूर्व जिला पंचायत सदस्य कन्हैयालाल राजभर, ग्राम प्रधान शिवकुमार राजभर, पूर्व ग्राम प्रधान बलराम राजभर, क्षेत्र पंचायत सदस्य लीलावती राजभर और ग्राम हरपुर के सभी नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *