अनपरा थाना (सोनभद्र) में एमपी-यूपी पुलिस अधिकारियों की समन्वय बैठक, सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार पर संयुक्त रणनीति तैयार
सिंगरौली। नशे के अवैध कारोबार और सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के अनपरा थाना परिसर में आयोजित की गई। बैठक में एसडीओपी रोशनी कुर्मी, पिपरी क्षेत्राधिकारी (सीओ) हर्ष पांडेय, मोरवा थाना प्रभारी, शक्तिनगर थाना प्रभारी, अनपरा थाना प्रभारी सहित बीना एवं रेणुसागर चौकी प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय नारकोटिक्स तस्करों, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी तथा अन्य अंतरराज्यीय अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सूचना साझा करने की प्रक्रिया को और मजबूत बनाया जाएगा, ताकि नशे के अवैध कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने, संयुक्त गश्त बढ़ाने तथा आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त अभियान चलाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में होने वाले अन्य अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बैठक में यह भी दोहराया कि मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच लगातार समन्वय बनाए रखते हुए अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसा जाएगा, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था मजबूत हो और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके। यह संयुक्त बैठक सीमावर्ती क्षेत्रों में नारकोटिक्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


