सरयू में डूबे किशोर का शव 36 घंटे बाद एसडीआरएफ ने बरामद कर लिया। गुरुवार की सुबह उसका शव घटना स्थल से एक किमी दूर नदी में उतराता मिला। सूचना पर पहुंचे स्वजन ने पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सहड़ौली गांव निवासी शिवसागर विदेश में रहकर काम करते है। घर पर उनकी पत्नी और दो बेटे समेत परिवार के अन्य सदस्य रहते है। मंगलवार की शाम उनका छोटा बेटा 13 वर्षीय अमन घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।
परेशान स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की तो रात आठ बजे गांव के कुछ लोगों ने बताया कि अमन को शाम चार बजे के आसपास अपने दोस्तों के साथ सरयू नदी की ओर जाते देखा गया था। फिर स्वजन ने उसके साथियों से पूछताछ की, जिसके बाद बच्चों ने बताया कि वे सभी नदी में नहाने गए थे, जहां अमन गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भय के कारण वे लोग मौके से भाग आए और किसी को सूचना नहीं दी।
इसके बाद स्वजन नदी किनारे पहुंचे, जहां अमन के कपड़े मिले। घटना की सूचना पर ग्रामीणों ने रात भर खोजबीन की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। बुधवार की सुबह मौके पर एसडीआरएफ टीम पहुंची और दिनभर सर्च अभियान चलाया। लेकिन, अमन का पता नहीं चला और अंधेरा होने के चलते टीम लौट गई।
गुरुवार की सुबह एक बार फिर टीम ने नदी में खोजबीन शुरू की, तभी रकौली गांव के गोड़ियाना घाट पर ग्रामीणों ने एक किशोर का शव उतराता देखा और सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ ने शव को बरामद कर स्वजन से पहचान कराई।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार रोशन ने बताया कि अमन देवकली स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्वजन की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


