अस्पताल में रेबीज इंजेक्शन से इनकार, बुजुर्ग ने बुलाई पुलिस; डायल 112 की टीम देख डॉक्टर हैरान

 चंदौसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को अपनी नातिन को रैबीज का इंजेक्शन लगवाने आए बुजुर्ग को जब अस्पताल में छुट्टी होने का हवाला देते हुए वापस जाने को कहा गया तो बुजुर्ग ने पुलिस बुला ली। पुलिस के पहुंचने के बाद अस्पताल में बालिका के रैबीज का इंजेक्शन लगवाया गया। इसके बाद बुजुर्ग पुलिस को धन्यवाद देते हुए घर लौट गए।

बदायूं जनपद के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव धनियावली निवासी भूरे अली गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपनी नातिन लाइवा को लेकर नगर के सरकारी अस्पताल पहुंचे थे। बच्ची को बंदर ने काट लिया था, जिसके चलते उसे तुरंत एंटी-रैबीज इंजेक्शन लगवाना बेहद जरूरी था, लेकिन रामनवमी और अष्टमी के अवकाश के कारण सरकारी अस्पताल बंद था।

बुजुर्ग बच्ची को लेकर इधर-उधर भटकते रहे। इमरजेंसी वार्ड में कर्मचारियों से संपर्क किया तो उन्होंने छुट्टी का हवाला देते हुए घर लौटने के लिए बोल दिया गया। आखिरकार परेशान बुजुर्ग ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। यहां बुजुर्ग से बातचीत कर उनकी शिकायत सुनीं, इसके बाद तुरंत चिकित्सक को बुलाया। यहां पुलिस के कहने के बाद बच्ची को इंजेक्शन लगा दिया गया। इसके बाद बुजुर्ग ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए प्रसन्नता जाहिर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *