तारामंडल क्षेत्र स्थित राज्यकर विभाग के कार्यालय में हाल ही में लगी भीषण आग की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। एडीएम (सिटी) अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय समिति ने शुक्रवार को अपनी संयुक्त रिपोर्ट जिलाधिकारी दीपक मीणा को सौंप दी।
रिपोर्ट में आग लगने का मुख्य कारण जर्जर विद्युत तारों और अधिक लोड के चलते हुआ शॉर्ट सर्किट बताया गया है। समिति ने स्पष्ट किया कि प्लाईवुड पार्टिशन, फाल्स सीलिंग और कार्यालय में बिखरी हुई फाइलों ने आग को तेजी से फैलने में मदद की।
जांच में आगजनी के पीछे किसी साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के प्रमाण नहीं मिले हैं। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्यालय में फायर सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी की गई थी। आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम मौजूद नहीं थे, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस घटना से सबक लेते हुए सभी सरकारी कार्यालयों में विद्युत व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी।


