गुरारु प्रखंड के प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में संपन्न हुई वार्षिक परीक्षा के उपरांत उत्तर पुस्तिकाओं के मुल्यांकन में यहां घोर लापरवाही सामने आई है।
मध्य विद्यालय गुरारु मिल्स के सांतवीं कक्षा की सामाजिक विज्ञान व गणित विषय की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच किए बिना ही परीक्षा में शामिल हुए सभी छात्र- छात्राओं का प्राप्तांक अंक पत्रक पर अंकित कर दिया गया। इसके बाद अंक पत्रक पर परीक्षक व मुल्यांकन निदेशक ने हस्ताक्षर भी कर दिया।
शिक्षक ने किया खुलासा
इतना ही नहीं जांच किए बिना ही उक्त विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं व सभी छात्रों का अंक पत्रक संबंधित विद्यालय को भेज भी दिया। बिना जांचे उत्तर पुस्तिका लौटाए जाने के बाद मध्य विद्यालय गुरारु मिल्स के शिक्षक अरुणाभ क्षितिज ने उक्त मामले का खुलासा किया है।
बिना जांचे ही बनाई टॉपरों की सूची
इधर इसी प्रकार से किए गए मूल्यांकन के आधार पर कक्षा पांचवीं व कक्षा आठवीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं की मेधा सूची बना कर शिक्षा विभाग ने प्रखंड स्तर पर कक्षा पांचवीं व आठवीं के टॉपर के चयन के लिए उनकी दक्षता परीक्षा भी आयोजित करा दी।


