हापुड़ रोड पर तिरंगा गेट के सामने बाइक सवार युवक की चाइनीज मांझे से गर्दन जख्मी हो गई। खून से लथपथ युवक को देख राहगीरों ने उसे अर्जुन अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी होने पर घायल के स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र के कांच का पुल निवासी 35 वर्षीय दानिश कपड़ों की दुकान करता है।
मंगलवार शाम को वह बाइक से हापुड़ अड्ड़े से बिजली बंबा चौकी की तरफ जा रहा था। जब वह तिरंगा गेट के सामने पहुंचा तो हवा में झूलता चाइनीज मांझा उसकी गर्दन पर आ गया। दानिश जब तक कुछ समझ पाता मांझे से उसकी गर्दन जख्मी हो चुकी थी। खून से लथपथ दानिश ने किसी तरह बाइक रोकी। वहीं, राहगीरों ने घायल युवक को देख शास्त्रीनगर एल -ब्लाक स्थित अर्जुन अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां पर चिकित्सक ने दानिश की गर्दन में 20 टांके लगाए। घटना की जानकारी होने पर घायल के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए थे। थाना नौचंदी पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी ईलम सिंह पंवार का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। अभी तक इस संबंध कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


