शहर की प्रसिद्ध नैनी झील में अधेड़ का शव उतराता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामे और पोस्टमॉर्टम की तैयारी शुरू कर दी है। बताया जाता है कि लोगों ने बीती रात अधेड़ को फोन पर चिल्लाते सुना था कि वो आत्महत्या करने जा रहा है।
अधेड़ होटल में काम करता था और मानसिक रूप परेशान था। वह अविवाहित भी था। शहर के तल्लीताल फांसी गधेरा क्षेत्र में पाषाण देवी मंदिर के समीप सुबह करीब नौ बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को एक शव झील में उतराता देखा तो सूचना तल्लीताल कोतवाली में दी।
मानसिक रूप था परेशान
सूचना पर एएसआई सुनील कुमार सहित पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और नाविकों की मदद से शव झील से निकाला। तलाशी के दौरान मृतक की पेंट की जेब से आधार कार्ड मिला जिसमें उसकी पहचान मल्लीताल बड़ा बाजार निवासी 45 वर्षीय मनीष पुत्र सुंदर लाल के रूप में हुई। पुलिस ने ई-साक्ष्य जुटाने के लिए अपनी जरूरी कार्रवाई की।
शव को पुलिस ने एम्बुलेंस से बीडी पाण्डे अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि अधेड़ ने गुरुवार रात ठंडी सड़क क्षेत्र में अपनी बहन को वीडियो कॉल कर कहा कि वो आत्म हत्या जैसे बड़ा कदम उठाने जा रहा है। इस घटना के बाद झील के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।


