‘रिश्तों में आई नई गर्माहट, व्यापार और तकनीक में बढ़ेंगे साथ’ भारत की मेजबानी देख भावुक हुए ब्राजीली राष्ट्रपति

1613 Shares

 ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने भारत यात्रा के दौरान मिले सांस्कृतिक सम्मान और आत्मीय आतिथ्य की खुलकर सराहना की। इंडिया-ब्राजील इकोनामिक फोरम में उन्होंने कहा कि राजकीय भोज और दोपहर के भोजन के दौरान भारतीय संगीतकारों द्वारा ब्राजीलियाई गीतों की प्रस्तुति से वह अचंभित और भावुक हो गए।

राष्ट्रपति लूला ने याद किया कि पिछले वर्ष जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ब्राजील गए थे, तब उन्होंने साओ पाउलो से गायक बुलाकर प्रधानमंत्री के पसंदीदा गीत की प्रस्तुति पैलेसियो डा अल्वोराडा में कराई थी।

उन्होंने कहा कि भारत की ओर से किया गया यह सांस्कृतिक प्रत्युत्तर दोनों देशों के रिश्तों की आत्मीयता को दर्शाता है। भारतीय कलाकारों ने प्रसिद्ध ब्राजीलियाई लोकगीत आसा ब्रांका की धुन भी बजाई, जिसने दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सेतु का प्रतीकात्मक संदेश दिया।

दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने का लक्ष्य

दोनों देशों के बीच व्यापार 2.4 अरब डॉलर से बढ़कर 10.5 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। जहां 2030 तक 20 अरब डॉलर व्यापार का लक्ष्य रखा गया था, वहीं लूला ने इसे बढ़ाकर 30 अरब डॉलर तक ले जाने की महत्वाकांक्षा जताई।

यात्रा के दौरान भारत के केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन और ब्राजील की स्वास्थ्य नियामक एजेंसी एएनवीआइएसए के बीच औषधि व चिकित्सा उत्पादों के नियमन में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान हुआ। इसका उद्देश्य दवाओं और चिकित्सा उपकरणों के नियामक मानकों में तालमेल बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *