खाने को दें चटपटा ट्विस्ट, स्पेशल तड़के के साथ घर पर बनाएं गुजरात की मशहूर ‘काठियावाड़ी खिचड़ी’

 खिचड़ी को अक्सर एक साधारण खाना माना जाता है, लेकिन जब बात काठियावाड़ी खिचड़ी की आती है, तो यह साधारण डिश एक मसालेदार और स्वादिष्ट व्यंजन बन जाती है । गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र से आने वाली यह खिचड़ी अपने तीखे स्वाद, ढेर सारी सब्जियों और लहसुन के तड़के के लिए मशहूर है।

यह न केवल पेट के लिए हल्की है, बल्कि स्वाद में इतनी लाजवाब होती है कि इसे किसी खास मौके पर भी बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं घर पर परफेक्ट काठियावाड़ी मसालेदार खिचड़ी बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी।

सामग्री

  • चावल- 1 कप
  • मूंग दाल (छिलके वाली)- ½ कप
  • तुअर दाल (अरहर)- ¼ कप
  • पानी- 5-6 कप (खिचड़ी को नरम रखने के लिए)

सब्जियां-

  • आलू- 1 मध्यम (कटा हुआ)
  • फूलगोभी- ½ कप (छोटे टुकड़ों में)
  • हरी मटर- ¼ कप
  • गाजर- 1 छोटी (कटी हुई)
  • टमाटर- 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)

तड़के और मसालों के लिए-

  • घी/तेल- 3 बड़े चम्मच
  • लहसुन का पेस्ट- 1 बड़ा चम्मच
  • अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट- 1 बड़ा चम्मच
  • सूखे मसाले- राई, जीरा, हींग, सूखी लाल मिर्च, तेजपत्ता, लौंग और दालचीनी
  • पिसे मसाले- हल्दी (½ चम्मच), लाल मिर्च पाउडर (1 चम्मच), धनिया पाउडर (1 चम्मच), गरम मसाला (¼ चम्मच) और नमक स्वादानुसार
  • हरा धनिया- बारीक कटा हुआ

    बनाने की विधि

    • सबसे पहले चावल और दोनों तरह की दालों को अच्छे से धो लें। इन्हें कम से कम 20-30 मिनट के लिए पानी में भिगोकर रखें। इससे खिचड़ी ज्यादा नरम और दानेदार बनती है।
    • अब एक प्रेशर कुकर में भीगे हुए दाल-चावल, कटी हुई सब्जियां, नमक, हल्दी और 5 कप पानी डालें। कुकर का ढक्कन बंद करें और 3-4 सीटी आने तक पकाएं। जब कुकर का प्रेशर अपने आप निकल जाए, तब ढक्कन खोलें और खिचड़ी को हल्का सा मैश कर लें।
    • इसके बाद एक कढ़ाई में घी गर्म करें। उसमें राई, जीरा, हींग, सूखी लाल मिर्च और साबुत गरम मसाले डालें। अब इसमें अदरक-मिर्च का पेस्ट और ढेर सारा लहसुन का पेस्ट डालें और लहसुन को हल्का सुनहरा होने तक भूनें ताकि उसकी खुशबू घी में बस जाए।
    • अब इसमें कटे हुए टमाटर डालें और गलने तक पकाएं। इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और गरम मसाला डालें। थोड़ा सा पानी डालकर मसाले को तब तक भूनें जब तक वह घी न छोड़ने लगे।
    • तैयार मसाले में उबली हुई खिचड़ी डालें। अगर खिचड़ी बहुत गाढ़ी लग रही हो, तो थोड़ा गर्म पानी मिलाएं। इसे 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर मसाले के साथ पकने दें, ताकि सारे फ्लेवर एक-दूसरे में मिल जाएं। लास्ट में बारीक कटा हरा धनिया और ऊपर से थोड़ा और घी डालें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *