मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय था जब गोरखपुर की बेलघाट और खजनी विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सड़क संपर्क के अभाव में लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन आज डबल इंजन सरकार की विकासपरक नीतियों ने पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिकरीगंज क्षेत्र की कनेक्टिविटी पहले बेहद खराब थी। लखनऊ जाने के लिए लोगों को खलीलाबाद, सहजनवा या गोरखपुर का चक्कर लगाना पड़ता था। अब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और बेहतर सड़क नेटवर्क के कारण लोगों को सीधे और तेज आवागमन की सुविधा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बेलघाट और खजनी क्षेत्र के लोगों को लखनऊ पहुंचने के लिए न तो सहजनवा जाने की जरूरत है और न ही गोरखपुर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। बेहतर संपर्क मार्गों और एक्सप्रेसवे नेटवर्क के कारण राजधानी तक की दूरी काफी कम समय में तय की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि यह बदलाव केवल सड़क निर्माण का परिणाम नहीं है, बल्कि डबल इंजन सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर प्रदेश की आधारभूत संरचना को मजबूत कर रही हैं, जिसका लाभ गांव, गरीब, किसान, व्यापारी और युवाओं को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे, फोरलेन सड़कें और संपर्क मार्ग विकास की रीढ़ हैं। बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश बढ़ता है, उद्योग स्थापित होते हैं और रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। यही कारण है कि पूर्वांचल आज विकास की नई उड़ान भर रहा है।


