‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ ने पहले ही दिन से दर्शकों को टीवी स्क्रीन से चिपकाए रखा है। एकता कपूर के कल्ट शो के दूसरे सीजन में ‘तुलसी वीरानी’ की जिंदगी में आने वाले ट्विस्ट दर्शकों को खूब पसंद आ रहे हैं। यह शो पिछले हफ्ते की टीआरपी में भी ‘अनुपमा’ को पछाड़कर नंबर 1 की पोजिशन पर आ गया है।
हालांकि, इस बीच कई दिनों से सोशल मीडिया पर यह अफवाह उड़ रही है कि एकता कपूर अब ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी-2‘ का स्पिन-ऑफ (Spin-off) लेकर आ रही हैं। लेकिन, स्मृति ईरानी उर्फ सबकी चहेती ‘तुलसी’ इस स्पिन-ऑफ का हिस्सा नहीं होने वाली हैं। इसका खुलासा खुद स्मृति ईरानी ने किया है।
स्मृति ईरानी नहीं होंगी ‘क्योंकि..’ के स्पिन-ऑफ का हिस्सा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि स्मृति ईरानी, ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के स्पिन-ऑफ का हिस्सा होंगी। हालांकि, स्मृति ने उसी इंस्टाग्राम पेज के कमेंट सेक्शन में यह क्लियर कर दिया कि ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के अलावा किसी और शो से उनका कोई संबंध नहीं है।
कमेंट सेक्शन में जवाब देते हुए स्मृति ईरानी ने लिखा, “बेहतर होगा कि आप इस पीआर कंटेंट को उनसे वेरीफाई करें, जिनके पास इसके आईपी (IP) राइट्स हैं। मैं ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के अलावा किसी और शो से नहीं जुड़ी हुई हूं। कानूनी तौर पर किसी भी ऐसे स्पिन-ऑफ शो को मंजूरी नहीं दी गई है, जो मेरी फोटो और पर्सनैलिटी का इस्तेमाल कर सके। कृपया दर्शकों तक गलत जानकारी न पहुंचाएं।”


