सुरक्षा चाक-चौबंद, सुविधाएं सुचारु; जय माता दी के जयकारों से गूंजा त्रिकूट, 3 बजे तक 24 हजार श्रद्धालु भवन को रवाना

मां वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा सोमवार को श्रद्धालुओं की अपार आस्था और उत्साह के बीच लगातार जारी रही। दिनभर मौसम का मिजाज बदलता रहा। त्रिकूट पर्वत पर बादलों का जमावड़ा लगा रहा और सूर्य देव बादलों के बीच लुका-छिपी खेलते नजर आए। ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहा, लेकिन उमस के कारण श्रद्धालु यात्रा के दौरान पसीने से तरबतर होते दिखे।

श्राइन बोर्ड की ओर से यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को हर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, रोपवे (केबल कार) सेवा के साथ घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं भी सुचारु रूप से चल रही हैं। मां के दिव्य दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार भैरव घाटी की ओर रवाना हो रहे हैं और बाबा भैरवनाथ के दरबार में हाजिरी लगाकर अपनी यात्रा पूर्ण कर रहे हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, यात्रा मार्ग पर तैनात जवान

यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के जवान यात्रा मार्ग पर जगह-जगह तैनात हैं। अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ निगरानी कर रहे हैं, जिससे यात्रा पूरी तरह सुचारु बनी हुई है। जय माता दी के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु निरंतर भवन की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं।

यह वीडियो भी देखें

कटड़ा बाजार में रौनक, पेयजल केंद्रों पर दिखी भीड़

भवन के साथ-साथ आधार शिविर कटड़ा में भी श्रद्धालुओं की चहल-पहल दिनभर बनी रही। यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी करते नजर आए, जिससे कटड़ा के बाजारों में रौनक छाई रही। बढ़ती गर्मी और उमस को देखते हुए श्राइन बोर्ड ने यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर शुद्ध पेयजल केंद्र स्थापित किए हैं, जहां श्रद्धालु अपनी प्यास बुझाते दिखे।

दोपहर 3 बजे तक 24 हजार यात्रियों ने किया प्रस्थान

पल-पल बदलते मौसम के बावजूद यात्रा पर कोई असर नहीं पड़ा। श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मां के दरबार पहुंच रहे हैं। सोमवार 22 जून को दोपहर 3 बजे तक करीब 24 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे और नए यात्रियों का आगमन लगातार जारी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *