सात फेरों का खूनी अंत: पारिवारिक कलह में पति ने पत्नी को मारी गोली, मौके पर हुई मौत

2.2kViews
1844 Shares

 शहर के थाटीपुर स्थित दर्पण कालोनी में रात करीब 11 बजे सनसनी फैल गई। जब एक के बाद एक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा। यहां एक सिरफिरे युवक ने अपनी ही पत्नी की घर के अंदर गोलियों से भूनकर हत्या कर डाली। छोटी-छोटी बात पर दंपती के बीच रोज झगड़ा होता था। रोज की पारिवारिक कलह का खूनी अंत हुआ, जिसमें महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

इस घटना के तुरंत बाद ही पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। उसके पास से कट्टा भी मिल गया है, जिससे उसने एक के बाद एक पांच गोलियां अपनी पत्नी के सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में उतार दीं। मृतका का नाम रुचि तोमर है। उसकी शादी करीब 16 वर्ष पहले मुरैना के पोरसा निवासी सोनू तोमर से हुई थी। कई सालों से यह परिवार दर्पण कालोनी में ही रह रहा था।

सोनू की मां भी यहीं रहती थी। जिस समय दिल दहला देने वाली यह वारदात हुई, तब घर में सोनू और रुचि के बच्चे व सोनू की मां भी मौजूद थी। घटना के बाद एएसपी अनु बेनीवाल, थाना प्रभारी थाटीपुर विपेंद्र सिंह चौहान फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

फोरेंसिक टीम की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम हो गया। पुलिस आरोपित को थाने ले गई। यहां उससे पूछताछ चल रही है। घटनास्थल से पुलिस को चले हुए कारतूस भी मिले हैं।

तीन कारण… जिनसे रोज होती थी पारिवारिक कलह

नशा: सोनू तोमर शराब का नशा करता था। वह शराब पीकर घर पहुंचता था और अक्सर पत्नी के साथ झगड़ा करता था।

बेरोजगार: वह काम भी नहीं करता था। इसके चलते रुचि कुछ माह अपने मायके में भी रही, लौटकर आई तो फिर से सोनू से झगड़ा होने लगा।
काम से अनसुनी: रुचि के बारे में बताया गया है कि जब सोनू से उसका झगड़ा होने लगा तो उसने खाना तक बनाना बंद कर दिया। इस बात पर अक्सर झगड़ा होता था।

चश्मदीद बेटी… गोलियों की तड़तड़ाहट सुनी तो दौड़कर पहुंची, खून से लथपथ पड़ी थी मां

सोनू और रुचि की बेटी 14 वर्ष की है। उससे छोटा बेटा है। बेटी सीमा(परिवर्तित नाम) इस वारदात की चश्मदीद है। खाना बनाने को लेकर ही झगड़ा हुआ था। इसके बाद सोनू और रुचि कमरे के अंदर झगड़ रहे थे। बहुत शोर कमरे के अंदर से आ रहा था। बेटा-बेटी डरे सहमे दादी के पास चले गए।

अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा घर गूंज उठा। बेटी दौड़कर पहुंची तो कमरे के अंदर रुचि खून से लथपथ पड़ी थी, पिता के हाथ में कट्टा था। वह मां की लाश देखकर चीख पड़ी। आसपास के लोग भी आ गए। तब पुलिस को सूचना दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *