चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन शनिवार को माता वैष्णो देवी के भवन में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार और रविवार को छुट्टी होने के चलते शाम तक 41 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।
ऐसे में यात्रा मार्ग पर भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने शाम 4:45 बजे सभी यात्रा पंजीकरण केंद्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। जबकि देशभर से श्रद्धालुओं का आधार शिविर कटड़ा पहुंचने का सिलसिला जारी है।
कटड़ा में आठ से 10 हजार श्रद्धालु पंजीकरण शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। श्राइन बोर्ड ने सूचना केंद्रों के माध्यम से लगातार उद्घोषणा कर श्रद्धालुओं को स्थिति से अवगत कराया और धैर्य बनाए रखने की अपील की।
आधार शिविर कटड़ा से लेकर दर्शनी द्वार, आद्कुंवारी मार्ग और भवन परिसर तक लंबी कतारें लगी रहीं, जहां कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलीकाप्टर सेवा अधिकांश समय सुचारु रही। इसके अलावा बैटरी कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को विशेष राहत मिल रही है।
नवरात्र के पहले तीन दिन में एक लाख से अधिक ने किए दर्शन
नवरात्र के पहले तीन दिनों में ही एक लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं। श्रद्धालु की भारी आमद से कटड़ा के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं।


