प्रीमियम पेट्रोल ₹2 महंगा, मैनपुरी के फिलिंग स्टेशन पर सादा पेट्रोल की मांग बढ़ी, टंकी फुल कराने पहुंचे लोग

खाड़ी देशों के बीच छिड़ी जंग अब पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति में संकट बनने लगी है। पर्याप्त तेल न मिलने के कारण कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम में दो रुपये की वृद्धि कर दी। शुक्रवार आधी रात से बढ़ी हुई कीमतें लागू हो गईं।

उधर, सादा पेट्रोल के रेट में भी वृद्धि की संभावना व चर्चा के बीच शनिवार को पंपों पर चालक पहुंचे। हालांकि, संभावना पर पंप संचालकों ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है।

अब 104.02 रुपये प्रति लीटर मिल रहा प्रीमियम पेट्रोल

खाड़ी देशों के बीच की जंग से सबसे पहले सिलिंडर की आपूर्ति पर संकट खड़ा हो गया था, जो अभी तक जारी है। अब शुक्रवार रात 12 बजे से प्रीमियम पेट्रोल की कीमत भी बढ़ा दी गईं। अभी तक 102.02 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला पेट्रोल अब दो रुपये की वृद्धि के बाद 104.02 रुपये प्रति लीटर की दर पर पहुंच गया है। प्रीमियम की कीमत में वृद्धि के बाद सादा पेट्रोल के दाम में वृद्धि को लेकर भी चर्चा तेज हो गईं।

सादा की कीमतों में वृद्धि की संभावना देख लोग फुल कराने लगे टंकी

स्थिति यह रही कि शनिवार को सामान्य उपभोक्ता पंपों पर पहुंचे। दाम बढ़ने की संभावना को देखते हुए ज्यादातर अपने वाहन की टंकियां फुल कराते दिखे। हालांकि, एजेंसी संचालक अभी ऐसी स्थिति न होने की बात बता रहे हैं, लेकिन खुलकर कुछ नहीं कह पा रहे हैं।

यह है वर्तमान स्थिति−पदार्थ, वर्तमान रेट, पुराने रेट

  • प्रीमियम पेट्रोल, 104.02 रुपये, 102.02 रुपये
  • सादा पेट्रोल, 94.95 रुपये, 94.95 रुपये
  • डीजल, 88.8 रुपये, 88.8 रुपये

लोगों की बात

‘पहले ही सामान्य व्यक्ति महंगाई की मार से जूझ रहा है। अभी सिलिंडर पर 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। अब पेट्रोल की कीमत में वृद्धि पूरी तरह से कमर तोड़ देगी। – आकाश कुमार, मुहल्ला कटरा।’

‘प्रीमियम पेट्रोल की कीमत बढ़ा दी गई हैं। चर्चा है कि सादा पेट्रोल के भाव भी बढ़ाने की तैयारी है। यह पूरी तरह से लोगों के शोषण की तैयारी है। इसके निदान तलाशे जाने चाहिए। – पल्लव जैन, कचहरी रोड।’

संचालकों की बात

‘शुक्रवार रात 12 बजे से बढ़ी हुई दर लागू हो गई हैं। अभी हमारे पास सादा पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि से संबंधित कंपनियों द्वारा कोई सूचना नहीं दी गई है। – घनश्यामदास गुप्ता, कचहरी रोड।’

‘लोगों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। अभी सादा पेट्रोल की कीमत नहीं बढ़ रही हैं। कंपनियों के स्तर से भी ऐसे कोई संकेत नहीं दिए गए हैं। – रोहित अग्रवाल, करहल रोड।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *